Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsMassive Crowds at Ghaziabad Railway Station for Bhai Dooj and Chhath Puja
रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सवार होने के लिए रही मारामारी

रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सवार होने के लिए रही मारामारी

संक्षेप: गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर भाई दूज और छठ पूजा के चलते यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। लोग अपने घर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने में संघर्ष कर रहे थे। प्लेटफॉर्म पर धक्का-मुक्की की स्थिति थी और कई यात्रियों को...

Thu, 23 Oct 2025 05:11 PMNewswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share Share
Follow Us on

गाजियाबाद। रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ थी कि ट्रेन में सवार होने के लिए मारामारी करनी पड़ी। ट्रेन पकड़ने की होड़ में यात्रियों के बीच धक्का मुक्की तक की नौबत आ गई। सभी ट्रेन यात्रियों से खचाखच भरी रही। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर भाई दूज त्यौहार अपने घर परिवार के साथ मनाने की चाह में गुरुवार सुबह से ही गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ आनी शुरू हो गई थी। मुरादाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, टूंडला, इटावा, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज जैसे अन्य स्थानों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक थी।

ये सभी लोग अपनी अपनी बहनों के पास भाई दूज के लिए जाने के लिए पहुंचे थे। स्टेशन पर जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर ठहरती लोग इसमें सवार होने के लिए दौड़ते नजर आए। यात्री जल्दी से जल्दी अपनी सीट तक पहुंचाना चाहते थे। लेकिन ट्रेन के गेट पर भीड़ इतनी अधिक थी कि सवार होने के लिए यात्रियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस, कलिंगा उत्कल, आला हजरत एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन पटना स्पेशल, गाजियाबाद-पलवल ईएमयू,आदि कई ट्रेन यात्रियों से खचाखच भरी नजर आई। वहीं कई पैसेंजर ट्रेन में भी पैर रखने तक की जगह नहीं थी। ट्रेन के गेट पर भीड़ जमा हो जाने के चलते कई यात्री आपातकालीन खिड़की से ट्रेन में घुसते नजर आए। ट्रेन के गेट पर भीड़ लगते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने स्थिति को संभालते हुए गेट को खाली कराया और यात्रियों को इसमें सवार कराने में मदद की। भाई-बहन के त्यौहार भाई दूज पर घर जाने के लिए कई यात्री ऐसे भी थे जिनके पास जनरल टिकट था। इन यात्रियों का कहना था की टिकट मिलना नामुमकिन हो गया है। ज्यादातर सभी ट्रेन फूल है और वेटिंग लिस्ट भी बहुत है। जिसके कारण जनरल टिकट लेकर त्योहार पर घर जा रहे हैं। भारी भीड़ होने के चलते प्लेटफॉर्म पर रेलवे सुरक्षा बल के जवान नियमित लोगों को रस्सी से पीछे रहने को कह रहे थे एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को ट्रेन से संबंधित सभी जानकारी दे रहे थे। रेलवे सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर चेतन प्रकाश ने बताया कि त्योहार को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल सतर्क है। स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म पर जवान नियमित तैनात है और ट्रेन आने पर लोगों को सुरक्षित ट्रेन में चढ़ाने में मदद कर रहे हैं। इसके अलावा ट्रेन के अंदर भी महिला एवं पुरुष जवान नियमित निगरानी रख रहे हैं। छठ पूजा को लेकर भी स्टेशन पर रहा यात्रियों का दबाव आगामी छठ पूजा को लेकर भी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव अधिक रहा। गाजियाबाद में काम करने वाले बिहार, पूर्वांचल के कई लोग स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए पहुंचे थे। बिहार पूर्वांचल की ओर जाने वाली सभी प्रमुख ट्रेन के अलावा पूजा स्पेशल ट्रेन भी यात्रियों से फुल नजर आई। लोगों को ट्रेन में चढ़ने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत उन लोगों को हुई जिनके पास सामान ज्यादा था और उनके साथ छोटे बच्चे भी थे। ये लोग ट्रेन पकड़ने के लिए निर्धारित समय से एक से दो घंटे पहले ही स्टेशन आ गए थे।