Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsMakar Sankranti Celebrations in Ghaziabad Kite Flying and Community Service
उत्साह : पतंग उड़ाकर और खिचड़ी वितरित कर मनाई मकर संक्रांति

उत्साह : पतंग उड़ाकर और खिचड़ी वितरित कर मनाई मकर संक्रांति

संक्षेप:

गाजियाबाद में मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। भंडारे, दान और पतंग उड़ाने के आयोजन हुए। बच्चों और बुजुर्गों ने मिलकर आनंद लिया। सांसद अतुल गर्ग ने भी पतंग उड़ाई। दिव्यांगजनों को कंबल वितरित किए गए। मकर संक्रांति का पर्व सामाजिक समरसता और सेवा का संदेश देता है।

Jan 15, 2026 12:24 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share Share
Follow Us on

गाजियाबाद, संवाददाता। मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में शहर में जगह जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कहीं भंडारा लगाया गया तो कहीं जरूरतमंदों को दान किया गया। इसके साथ पतंग उड़ाकर भी पर्व मनाया गया, जिसमें सभी उम्र के लोगों ने भाग लेकर आनंद उठाया। मकर संक्रांति के साथ एकादशी होने के कारण लोगों ने बाजरे की खिचड़ी का वितरण किया। श्री सुल्लामल रामलीला कमेटी ने प्रसाद वितरण और पतंग महोत्सव का आयोजन किया। इस दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने पतंग उड़ाकर आनंद लिया। बुजुर्गों ने पतंग उड़ाकर अपने बचपन की यादें ताजा की। कार्यक्रम में सांसद अतुल गर्ग ने भी पतंग उड़ाई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उन्होंने सभी को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देकर कहा कि यह पर्व सूर्य उपासना, प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन को दर्शाता है। कमेटी के अध्यक्ष अजय बंसल ने कहा कि मान्यता है इस दिन भगवान सूर्य (भास्कर) अपने पुत्र शनिदेव से मिलने उनके घर जाते हैं। चूंकि शनिदेव मकर राशि के स्वामी हैं, इसलिए इसे मकर संक्रांति कहा जाता है। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के सभी सदस्यों ने एक साथ बैठकर बाजरे की खिचड़ी, कढ़ी, तिल के लड्डू और प्रसाद ग्रहण किया। रामलीला मैदान के मुख्य द्वार पर श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में संयोजक पार्षद राजीव शर्मा, पार्षद नीरज गोयल, महासचिव नरेश प्रधान, संजीव मित्तल, सुधीर गोयल, मोनी, वीरेंद्र कुमार वीरो, उस्ताद अशोक गोयल, प्रदीप मित्तल, दिनेश शर्मा, अनिल चौधरी, ज्ञान प्रकाश गोयल, राघवेंद्र शर्मा, मोहित मित्तल आदि मौजूद रहे। दिव्यांगजनों को कंबल वितरित किए: मकर संक्रांति के अवसर पर राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अपने निवास पर दिव्यांगजनों को कंबल वितरित किए। इस दौरान निम्न आय वर्ग के मूकबधिर दिव्यांगजनों को कंबल दिए गए। राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यह पर्व सामाजिक समरसता और सेवा भावना का संदेश देता है। कार्यक्रम में गाजियाबाद बधिर एसोसिएशन के सदस्य भी मौजूद रहे। मूकबधिर प्रतिनिधि राजीव कांबोज और पंकज बंसल ने मूकबधिर समाज को आने वाली विभिन्न समस्याओं के बारे में अवगत कराया जिस पर राज्य मंत्री ने सहयोग का आश्वासन दिया। आज भी मनेगी मकर संक्रांति:14 फरवरी को एकादशी होने के कारण कई लोगों ने मकर संक्रांति नहीं मनाई। वे 15 जनवरी को मकर संक्रांति का पर्व मनाएंगे। गुरुवार को भी मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में जगह जगह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन लोग चावल की खिचड़ी वितरित करेंगे। मंदिरों के बाहर और अन्य स्थानों पर भंडारे भी आयोजित होंगे।