परचून कारोबारी को गोली मारने वाले आरोपी की मां गिरफ्तार
-नूरपुर गांव में हुई घटना में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी मसूरी

गाजियाबाद, योगेंद्र सागर। नूरपुर गांव में पांच अप्रैल की रात परचून कारोबारी को गोली मारने की घटना में मसूरी पुलिस ने मुख्य आरोपी की मां को गिरफ्तार किया है। इस घटनाक्रम में पुलिस अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। एसीपी मसूरी लिपि नगायच ने बताया कि नूरपुर निवासी उमेश कुमार ने छह अप्रैल को मसूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि पांच अप्रैल की रात करीब 11 बजे उनके पिता शिवकुमार घर में बनी परचून की दुकान पर बैठे थे।
इसी दौरान गांव का रहने वाला मिंटू उर्फ पिकेष अपने साथियों शुभम व क्रिस के साथ आया और दुकान के सामने खड़े होकर गाली-गलौच करने लगा। उनके पिता शिवकुमार ने गाली-गलौच का विरोध करते हुए उन्हें जाने को कहा तो आरोपी झगड़ा करने लगे। आरोप है कि झगड़े के दौरान ही मिंटू ने तमंचा निकालकर उनके पिता को गोली मार दी। सिर में गोली लगने से घायल हुए पिता का यशोदा अस्पताल में उपचार चल रहा है। आरोप है कि वारदात के वक्त मिंटू की मां भी मौके पर मौजूद थी। एसीपी के मुताबिक उमेश कुमार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करने के कुछ घंटों बाद ही क्रिस और शुभम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी क्रम में मंगलवार को मिंटू की मां सोनिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सोनिया ने बताया कि उसका बेटा मिंटू अपने साथियों क्रिस, शुभम, मोंटी और राज सांगवान के साथ मिलकर शिवकुमार के घर के बाहर आपस में झगड़ा कर रहे थे। शिवकुमार ने विरोध करते हुए उन्हें वहां से जाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद पैदा हो गया और कहासुनी होने पर वह भी मौके पर पहुंच गई थी। सोनिया ने बताया कि आवेश में आकर उसके बेटे मिंटू ने शिवकुमार को गोली मार दी थी। एसीपी का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


