
मोदीनगर में खेलो इंडिया अस्मिता नार्थ जोन वेटलिफ्टिंग लीग होगी
मोदीनगर में खेलो इंडिया अस्मिता के अंतर्गत चार दिवसीय भारोत्तोलन लीग होगी। मुख्य अतिथि रजत पदक विजेता मीराबाई चानू और नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह रहेंगी। यह लीग 5 से 8 दिसंबर तक होगी और इसमें 30 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। अस्मिता लीग का उद्देश्य महिलाओं को खेलों में बढ़ावा देना है।
मोदीनगर। भारत सरकार के खेलो इंडिया अस्मिता के अंतर्गत मोदीनगर में चार दिवसीय इंडिया नार्थ जोन भारोत्तोलन लीग होगी। टोक्यो ओलिंपिक में रजत पदक विजेता मीराबाई चानू और नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह मुख्य अतिथि रहेंगी। लीग इंडियन वेटलिफ्टिंग टीम के हेड कोच विजय शर्मा के निर्देशन में संपन्न होगी। यह लीग पांच से आठ दिसंबर तक काजमपुर रोड पर स्थित यादव फार्म हाउस में होगी। अब तक 30 खिलाड़ी पंजीकरण करा चुके हैं। महिलाओं को खेलों में बढ़ावा देने के मकसद से सरकार ने अस्मिता लीग शुरू की है। देश में इस तरह की 100 लीग होनी हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को अगले ओलंपिक खेलों के लिए तैयार करना है।

अस्मिता लीग केवल महिला खिलाड़ियों के लिए है, जबकि खेलो इंडिया में पुरुष और महिलाएं हिस्सा ले सकते हैं। खेलो इंडिया अस्मिता के अंतर्गत छह महीने पहले भी मोदीनगर में लीग हुई थी, जिसका शुभारंभ खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने किया था। अब नॉर्थ जोन की लीग फिर से मोदीनगर में होनी है। हेड कोच विजय शर्मा ने बताया कि लीग को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए यहीं पर रहने और भोजन की व्यवस्था रहेगी। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की छह श्रेणी रहेंगी, जिन्हें वजन के हिसाब से विभाजित किया गया है। पहला स्थान पाने वाले खिलाड़ी को 10 हजार, दूसरा स्थान पाने वाले को सात हजार और तीसरा स्थान पाने वाले को पांच हजार रुपये से पुरस्कृत किया जाएगा। खिलाड़ियों से पंजीकरण के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




