Ghaziabad News: पेयजल लाइन फटने से सड़क पर बह रहा पानी, 20 हजार लोग परेशान

हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share

Ghaziabad News: इंदिरापुरम की काला पत्थर रोड पर सीवर लाइन बिछाने के दौरान मुख्य पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। बुधवार को ज्ञान खंड, नीति खंड, न्याय खंड और शक्ति खंड के करीब 20 हजार लोगों को गंदा पानी मिला। सड़क पर जलभराव और कीचड़ से दुकानदारों, ग्राहकों और छात्रों को परेशानी हुई। मरम्मत के दौरान तीन दिन तक पेयजल संकट रहने का अनुमान है।

Ghaziabad News: पेयजल लाइन फटने से सड़क पर बह रहा पानी, 20 हजार लोग परेशान

Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन, अफजल खान। इंदिरापुरम काला पत्थर रोड पर मंगलवार देर रात मुख्य पेयजल लाइन सीवर लाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते बुधवार को करीब 20 हजार लोगों को गंदे पानी की आपूर्ति हूई। रात से सुबह तक क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन से पानी बहने के कारण सड़को पर भी पानी जमा हो गया। इससे 100 से अधिक दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। इंदिरापुरम में सीएम ग्रिड योजना के तहत आदर्श सड़कें बनाने का कार्य चल रहा है। इस योजना के तहत सीवर लाइन बिछाने का कार्य भी किया जा रहा है। न्याय खंड-दो में आदित्य मॉल के सामने काला पत्थर रोड पर सीवर लाइन बिछाने के दौरान मंगलवार देर रात इंदिरापुरम में पेयजल आपूर्ति के लिए पहले से बिछी मुख्य लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। रात से सुबह तक पेयजल लाइन से पानी बहता रहा। इस कारण सड़क पर पानी जमा हो गया। सुबह पेयजल आपूर्ति के समय ज्ञान खंड, नीति खंड, न्याय खंड और शक्ति खंड के निवासियों को गंदे पानी की आपूर्ति हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी जमा होने से कीचड़ भी फैल गई। इससे सुबह दफ्तर जाने वाले लोगों और दुकानदारों को अपनी दुकानों तक पहुंचने में परेशानी हुई। स्थानीय निवासी शिवम शर्मा ने बताया कि देर रात करीब 11 बजे सीवर लाइन बिछाने के दौरान इलाके की मुख्य पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे सुबह गंदे पानी की आपूर्ति हुई। उन्होंने बताया कि निगम की लापरवाही के कारण 150 रुपये तक का बोतलबंद पानी खरीदना पड़ा। वहीं, निवासी मनोज सिंह ने बताया कि करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क पर 10 से अधिक स्थानों पर पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त है। इससे रोजाना गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इस संबंध में नगर निगम से भी कई बार शिकायत की गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान पेयजल लाइनों की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जा रहा है।

मरम्मत के दौरान पेयजल संकट

तीन दिन तक पेयजल संकट बने रहने का अनुमान

पेयजल लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू हो चुका है, लेकिन समस्या अगले तीन दिन तक बने रहने का अनुमान है। अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त लाइन मुख्य पेयजल लाइन है। इसकी मरम्मत के दौरान सुरक्षा के लिहाज से करीब चार इलाकों की पेयजल आपूर्ति रोकनी पड़ सकती है। इससे ज्ञान खंड, नीति खंड, न्याय खंड और शक्ति खंड के निवासियों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि सुबह से मरम्मत करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन लाइन में मौजूद पानी के रिसाव से मरम्मत कार्य को करने में समय लग रहा है। ऐसे में लोगों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ेगी। स्थानीय निवासियों ने जल्द मरम्मत कराकर स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

एक किलोमीटर सड़क पर कई जगह लाइन क्षतिग्रस्त

एक किमी सड़क पर 10 जगह पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त

दुकानदारों का कहना है कि काला पत्थर रोड पर करीब एक किलोमीटर के दायरे में 10 से अधिक स्थानों पर पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त है। इसके चलते रोजाना पानी बहता है और लोगों को गंदे पानी की आपूर्ति की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

जलभराव से दुकानदारों को परेशानी

दुकानदारों का कारोबार प्रभावित

सड़क पर पानी जमा होने से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हुआ। सुबह से शाम तक ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी हुई। दुकानदार सुधीर ने बताया कि जलभराव होने से दुकानों के सामने कीचड़ फैल गई। इससे सुबह में दुकान में माल भरवाने में दिक्कत हुई। कर्मचारियों को पानी और दलदली मट्टी से होकर माल दुकानों में पहुंचाना पड़ा। पानी समय से नहीं निकलने के वजह से ग्राहकों ने दुकान तक आने के जगह अन्य स्थानों से सामान खरीदा।

पहले से ही दुकानों के सामने सीवर के बड़े-बड़े पाइप डाले हुए हैं। खुदाई के कारण मिट्टी भी फैली हुई है। मंगलवार को पानी जमा होने के कारण कीचड़ भी फैल गई। इसके चलते व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हुआ। - किशोर ठाकुर, इंदिरापुरम व्यापार मंडल

गलियों के सामने सड़क पर पानी जमा होने से छात्रों को स्कूल जाने में दिक्कत हुई। छात्रों को स्कूल पहुंचने के लिए लंबा रास्ता अपनाना पड़ा।- अरुण त्यागी, स्थानीय निवासी

कई स्थानों पर पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त है। सीवर लाइन बिछाने के दौरान अधिकारियों को पेयजल लाइन की निगरानी करनी चाहिए। अधिकारियों की लापरवाही के चलते आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।- ललित पांथरी, स्थानीय निवासी

अधिकारियों के अनुसार दो से तीन दिन में आपूर्ति सामान्य

पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से समस्या बनी है। मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। लेकिन पानी रिसाव होने से समस्या बनी हुई है। मरम्मत के लिए करीब चार इलाकों का पानी बंद किया गया है। दो से तीन दिन के अंदर आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।- केपी आनंद, महाप्रबंधक, जलकल विभाग, नगर निगम

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦पेयजल लाइन कहां क्षतिग्रस्त हुई?−
इंदिरापुरम में न्याय खंड-दो स्थित आदित्य मॉल के सामने काला पत्थर रोड पर सीवर लाइन बिछाने के दौरान मुख्य पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हुई।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsएनसीआर Newsगाज़ियाबादGhaziabad News: पेयजल लाइन फटने से सड़क पर बह रहा पानी, 20 हजार लोग परेशान