Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsIndirapuram STP Leakage Causes Waterlogging and Traffic Disruption
एसटीपी की लाइन में लीकेज से जलभराव, यातायात बाधित

एसटीपी की लाइन में लीकेज से जलभराव, यातायात बाधित

संक्षेप:

इंदिरापुरम के सीआईएसएफ रोड पर एसटीपी की लाइन में लीकेज से जलभराव हो गया है। इससे दुर्गंध और यातायात बाधित हो रहा है। स्थानीय निवासी परेशान हैं और समस्या का समाधान शीघ्र करने की मांग कर रहे हैं। जलकल विभाग को मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।

Dec 06, 2025 07:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share Share
Follow Us on

ट्रांस हिंडन। इंदिरापुरम के सीआईएसएफ रोड स्थित एसटीपी की लाइन में लीकेज से सड़क पर जलभराव हो गया है। इससे उठती दुर्गंध ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। वहीं, यातायात बाधित होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही। इंदिरापुरम के एसटीपी में आसपास के क्षेत्रों से सीवर का पानी भूमिगत लाइनों के माध्यम से आता है। यहां पहुंचने के बाद पानी को शोधित कर दोबारा उपयोग में लिया जाता है। लाइन में लीकेज के कारण गंदा और बदबूदार पानी कई दिन से सड़क पर जमा हो रहा है। इससे आने-जाने वाले लोगों तथा आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सीआईएसएफ रोड के निर्माण के बाद लोगों को उम्मीद थी कि बरसों पुरानी जलभराव की समस्या समाप्त हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। एसटीपी की मुख्य लाइन में लीकेज के कारण सड़क पर लगातार गंदा पानी भर रहा है। इससे न सिर्फ आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय निवासी मनोज ठाकुर ने बताया कि पिछले एक माह से सड़क पर जलभराव बना हुआ है, जो एसटीपी लाइन में लीकेज के कारण हो रहा है। बदबू इतनी अधिक है कि घरों में भी रहना मुश्किल हो रहा है। वहीं, निवासी रमेश मेहता का कहना है कि तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहन गंदा पानी राहगीरों पर उछाल देते हैं, जिससे लोग बेहद परेशान हैं। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द लाइन की मरम्मत कर समस्या का समाधान कराया जाए। नई सड़क खोदने के बाद मरम्मत करनी होगी एसटीपी लाइन की लीकेज से हो रहे जलभराव को रोकने के लिए अब नई बनी सड़क को खोदना पड़ेगा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाइन में लीकेज पहले से ही था। इसकी शिकायत कई बार की गई, लेकिन ध्यान न देकर सड़क का निर्माण करा दिया गया। अब स्थिति यह है कि गंदा पानी सड़क किनारे कच्चे हिस्से से ऊपर आ रहा है, जिससे समस्या और भी बढ़ गई है और लोगों को संक्रमण का डर सता रहा है। लग जाता है जाम सड़क पर गंदा पानी भरने से वाहन चालकों की भी परेशानी बढ़ गई है। एनएच-9, इंदिरापुरम, वसुंधरा व लिंक रोड को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक होता है। सड़क पर पानी भरने से यहां पर यातायात बाधित होता है। वाहनों की गति धीमी होती है और जाम की स्थिति बन रही है। खासकर पीक आवर्स में वाहन चालकों को काफी समस्या होती है। मामला संज्ञान में ले लिया गया है। इसकी जांच कर मरम्मत कराने का निर्देश जलकल विभाग को दिया जाएगा। -अरुण प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम