
तिरंगा यात्रा के लिए 50 बाइकों पर 100 जवान हुए रवाना
-हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से पंचाचूली बेस के लिए रवाना हुई यात्रा ट्रांस हिंडन, वरिष्ठ
-हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से पंचाचूली बेस के लिए रवाना हुई यात्रा ट्रांस हिंडन, वरिष्ठ संवाददाता। हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से गुरुवार सुबह 50 बाइकों पर 100 जवान तिरंगा यात्रा पर रवाना हुए। पंचाचूली बेस तक बाइकों पर ये जवान जाएंगे और साहस और शौर्य का परिचय देंगे। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और निजी ऑटोमोबाइल कंपनी की ओर से हुए आयोजन में एयर वाइस मार्शल एस कनन ने हरी झंडी दिखाई। वायुसेना की इस तिरंगा ट्रेल्स यात्रा में वायुसैनिकों के साथ आर्मी और नेवी के भी जवान शामिल हैं। सुबह आठ बजे बाइकों पर सभी सुरक्षा उपकरणों के साथ जवान तैयार हुए।

एयर वाइस मार्शल एस कनन ने जवानों को रवाना करने से पहले कहा कि वायु सेना के ऑपरेशन के बारे में अब ज्यादा से ज्यादा लोग जान रहे हैं। 20 साल पहले तक ऐसा नहीं होता था। यही वजह है कि आज भारतीय वायु सेना युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है। उन्होंने बताया कि बाइक रैली में जवान एकता का संदेश देंगे। गाजियाबाद से हल्द्वानी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ के रास्ते धारचूला और फिर वहां से ट्रैकिंग कर करीब 1400 फीट ऊंचाई पर बने सेना के पंचाचूली बेस कैंप तक जाएंगे। करीब -15 डिग्री सेल्सियस तापमान में जवान वहां पहुंचेंगे और फिर वापस हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर लौटेंगे। डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (डीआरडीओ) के सह निदेशक ग्रुप कैप्टन महेश बिष्ट ने बताया कि जवान रास्ते में उत्तराखंड के पंतनगर विश्वविद्यालय और हल्द्वानी और अल्मोड़ा स्थित एनसीसी कैडेट्स और पूर्व सैनिकों से भी सभी जवान मुलाकात करेंगे। घोड़ाखाल स्थित सैनिक स्कूल में छात्र-छात्राओं से भी जवानों को रूबरू कराया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




