होलिका दहन कर इसे बुराई पर अच्छाई की जीत बताया
गाजियाबाद में सोमवार को कई स्थानों पर होलिका दहन किया गया। भद्रा काल और चंद्रग्रहण के कारण कुछ जगहों पर यह मंगलवार को होगा। राजनगर, कविनगर और अन्य क्षेत्रों में होलिका दहन किया गया। लोग परिवार के साथ पूजा अर्चना करने पहुंचे और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। रंगोत्सव चार मार्च को मनाया जाएगा।

गाजियाबाद, संवाददाता। शहर में सोमवार को कई जगह होलिका दहन किया गया। हालांकि, भद्रा काल और चंद्रग्रहण के चलते अनेक स्थानों पर मंगलवार को होलिका दहन किया जाएगा। रंगोत्सव सभी जगह चार मार्च को मनाया जाएगा। सोमवार को राजनगर के सेक्टर 10, कविनगर के बी ब्लॉक, नवयुग मार्केट, गौशाला रोड पर श्री कृष्ण गौशाला के बाहर, हरसांव एन्क्लेव आदि जगहों पर होलिका दहन किया गया। जिले में देर शाम साढ़े सात बजे से होलिका दहन शुरू हुआ। इस मौके पर लोग परिवार के साथ पहुंचे। पहले दिन में महिलाओं ने होलिका माता की पूजा अर्चना की। होलिका के परिक्रमा लगाकर बुराई पर अच्छाई की जीत की कामना की।
सेक्टर-10 राजनगर में पंडित राकेश शास्त्री ने होलिका की विधि-विधान से पूजा कर अग्नि प्रज्ज्वलित की। इस दौरान विनीत शर्मा, श्रीचंद चौहान, नवीन पंडित आदि मौजूद रहे। वहीं, कविनगर के बी ब्लॉक रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक सरदार मंजीत सिंह और अध्यक्ष अजय गुप्ता ने बताया कि होलिका दहन से पहले सभी निवासियों ने पूजा अर्चना की। होलिका दहन के बाद लोगों ने एक दूसरे को गुलाल और चंदन लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। आज दूधेश्वर नाथ मंदिर में होलिका दहन होगाः भद्रा काल और चंद्रग्रहण के कारण शहर में कई जगह होलिका दहन तीन मार्च को किया जाएगा। दूधेश्वर नाथ मंदिर, होली वाली गली, संजयनगर सेक्टर 23 के रामलीला मैदान में मंगलवार शाम को होलिका दहन होगी। वहीं पटेलनगर फर्स्ट में मंगलवार की सुबह होलिका दहन किया जाएगा। इस बार एक राय ना होने से होलिका दहन दो दिन में बंट गया, हालांकि रंगोत्सव 4 मार्च को ही मनाया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



