होली पर अपने घर पहुंचने को लेकर ट्रेन पकड़ने के लिए भीड़ उमड़ी
- बिहार-पूर्वांचल समेत अन्य राज्यों की ओर जाने वाली सभी ट्रेन फुल - यात्रियों को

गाजियाबाद, संवाददाता। होली पर अपने घर पहुंचने को लेकर शनिवार को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन यात्रियों की भारी भीड़ से नजर आया। बिहार, पूर्वांचल समेत अन्य राज्यों की ओर जाने वाली लगभग सभी प्रमुख ट्रेनों में सीटें पहले से ही फुल रही। वहीं होली को लेकर चलाई गई स्पेशल ट्रेन में भी यात्रियों का जबरदस्त दबाव देखने को मिला। सुबह से ही प्लेटफॉर्म पर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं और शाम तक हालात यह हो गए कि ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों को काफी संघर्ष करना पड़ा। वहीं, ट्रेन में यात्रियों को सुरक्षित सवार कराने में जवानों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
रंगों का प्रमुख त्योहार करीब आने के चलते जिले में बड़ी संख्या में रह रहे नौकरीपेशा लोग, छात्र एवं कामगार अपने-अपने घर रवाना हो रहे हैं। होली पर हर हाल में अपने घर बिहार, बंगाल, छत्तीसगढ़ आदि अन्य स्थानों पर पहुंचने के लिए यात्रियों को शनिवार को ट्रेन पकड़ना था। गोमती, श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, हावड़ा अमृत भारत एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल होली स्पेशल, पदमावत, सत्याग्रह एक्सप्रेस,काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, महानंदा, मऊ, कालका मेल आदि लंबी दूरी का सफर तय करने वाली सभी ट्रेन यात्रियों से भरी नजर आई। सामान्य कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। कई यात्री दरवाजों के पास खड़े होकर सफर करने को मजबूर दिखे। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर लगते ही यात्री ट्रेन में सवार होने के लिए दौड़ते नजर आए। स्पेशल ट्रेन भी फुल रहीं। गेट पर यात्रियों की पहले से ही भीड़ होने के कारण लोगों को चढ़ने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसे नियंत्रित करने के लिए प्लेटफार्म पर तैनात आरपीएफ के जवानों ने यात्रियों को ट्रेन में सवार कराने में मदद की और गेट को खाली कराया। भीड़ नियंत्रित करने को लेकर जवानों को काफी संघर्ष करना पड़ा। आरपीएफ इंस्पेक्टर चेतन प्रकाश ने बताया कि जवान प्लेटफार्म पर कड़ी निगरानी रख रहे है। जवान लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को ट्रेन आने के दौरान पीछे रहने को कह रहे हैं। इसके अलावा ट्रेन में यात्रियों को चढ़ाने में भी जवान नियमित सहायता कर रहे हैं। ---------------- प्लेटफ़ॉर्म से लेकर फुटओवर ब्रिज पर जवान तैनात गाजियाबाद रेलवे स्टेशन प्रमुख स्टेशन होने के चलते यहां यात्रियों का भारी दबाव रहता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखना काफी चुनौती पूर्ण होता है। होली को देखते हुए जीआरपी भी अलर्ट मोड पर है। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार मिश्र ने बताया कि आउटर क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी गई है। स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर और फुटओवर ब्रिज पर जीआरपी के जवान तैनात हैं। ये जवान स्टेशन पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मुस्तैद है। भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त जवानों की भी तैनाती कर दी गई है। इनमें महिला जवान भी शामिल है। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रख जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


