Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsGurugram Traffic Jam Water Pipeline Repair Causes 6-Hour Delay on Sohna Highway
परेशानी : गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर लंबे जाम में फंसे वाहन

परेशानी : गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर लंबे जाम में फंसे वाहन

संक्षेप:

गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर पेयजल पाइप लाइन की मरम्मत के कारण वाहन चालकों को लगभग छह घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। वाटिका चौक से सुभाष चौक तक लंबी कतारें लगी रहीं। जीएमडीए ने रात को मरम्मत का काम शुरू किया था, लेकिन बारिश के कारण देरी हुई। दोपहर दो बजे यातायात सामान्य हुआ।

Jan 23, 2026 11:11 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम। गुरुग्राम-सोहना हाईवे की सर्विस रोड पर क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइन की मरम्मत की वजह से शुक्रवार को वाहन चालक करीब छह घंटे तक जाम में रेंग-रेंगकर चलते रहे। इस दौरान वाटिका चौक से लेकर सुभाष चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पेयजल लाइन की मरम्मत हो जाने के बाद दोपहर दो बजे यातायात सामान्य हो गया। इसके बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। इस हाईवे पर सुभाष चौक पर पेट्रोल पंप के समीप 1600 एमएम की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। यह पाइप लाइन सर्विस रोड के बीचोंबीच है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने गुरुवार रात 10 बजे इस लाइन को ठीक करने के लिए जेसीबी से खुदाई शुरू की।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

जीएमडीए की योजना थी कि अलसुबह तक इस पाइप लाइन को दुरुस्त कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शुक्रवार को हुई बारिश की वजह से मरम्मत में और देरी हुई। सुबह साढ़े नौ बजे क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को ठीक कर दिया गया। इसके बाद पाइप लाइन में पानी छोड़ा गया। पाइप लाइन की मरम्मत को लेकर जीएमडीए ने इस हाईवे की तीन लेन की सर्विस रोड में से दो लेन को खोद दिया था। एक लेन पर यातायात आने की वजह से वाटिका चौक तक लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तीन और चार पहिया वाहनों को सुभाष चौक अंडरपास की तरफ डाइवर्ट कर दिया। सिर्फ दो पहिया वाहनों को एक लेन से निकाला गया। यातायात दबाव अधिक होने से सुभाष चौक अंडरपास में भी यातायात जाम की स्थित बन गई। वाटिका चौक से राजीव चौक तक वाहन धीमी गति से निकले। यह स्थिति दोपहर दो बजे तक बनी रही। इसके बाद जीएमडीए ने पेयजल मरम्मत को लेकर खोदे गए गड्ढे को भर दिया। इसके पश्चात यातायात सामान्य हो गया। इस हाईवे की मरम्मत कर रही कंपनी के अधिकारी राकेश भारद्वाज ने बताया कि तीन दिन से पेयजल लाइन लीक थी। जीएमडीए को सूचित कर दिया था। शुक्रवार रात को जीएमडीए ने पेयजल लाइन ठीक करने का काम शुरू किया था। सोहना-गुरुग्राम हाईवे से सुभाष चौक की तरफ प्रवेश बंद होने के चलते वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक लंबा चक्कर लगाकर पहुंचना पड़ा। सुभाष चौक से बाईं तरफ की सड़क हीरो होंडा चौक की तरफ जाती है, जबकि दाईं तरफ मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन की तरफ सड़क निकलती है। सुभाष चौक अंडरपास से उन्हें पहले राजीव चौक जाना पड़ा। यहां से हीरो होंडा चौक या मिलेनियम सिटी सेंटर की तरफ जाना पड़ा। किसी वाहन चालक ने सोहना की तरफ वापस जाना था तो उसे भी पांच किलोमीटर का लंबा चक्कर काटकर वापस सुभाष चौक की तरफ आना पड़ा। सेंट्रल पार्क सोसाइटी के निवासी राकेश ने बताया कि उनकी सोसाइटी सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक की तरफ जा रही सड़क पर है। उन्हें पहले राजीव चौक जाना पड़ा, जहां से यू टर्न करके दोबारा सुभाष चौक आकर अपनी सोसाइटी में गए। नए गुरुग्राम के इलाकों में पेयजल संकट रहा इस क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को ठीक करने के लिए जीएमडीए को चंदू बुढेड़ा स्थित जल शोधन संयंत्र की तीन यूनिट को बंद करना पड़ा। इस संयंत्र में 100-100 एमएलडी क्षमता की चार यूनिट हैं। 1600 एमएम क्षमता की पाइप लाइन की मरम्मत में करीब साढ़े 11 घंटे का समय लगा। इस दौरान पेयजल सप्लाई प्रभावित रही। इसकी वजह से सेक्टर-81 से लेकर 115, सेक्टर-34 से लेकर 80 के अलावा सेक्टर-10ए, 37सी और 37डी में पेयजल दिक्कत रही। शुक्रवार दोपहर बाद आपूर्ति सामान्य हो पाई। सेक्टर-45 आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान जसवंत सिंह डागर के मुताबिक शुक्रवार सुबह उनके सेक्टर में पानी की आपूर्ति बाधित रही। सुभाष चौक के समीप 1600 एमएम क्षमता की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस लाइन को दुरुस्त करने में करीब 11 घंटे का समय लगा। पाइप लाइन दुरुस्त करने के बाद आपूर्ति को बहाल किया गया। -अभिनव वर्मा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए