Ghaziabad News: स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने पर जोर दें : मुख्यमंत्री

हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share

Ghaziabad News: गुरुग्राम में महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत जीवीपी मुक्त अभियान की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अभियान में नागरिकों से स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने की अपील की। 11 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य 21 प्रमुख कचरा बिंदुओं की सफाई करना है।

Ghaziabad News:  स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने पर जोर दें : मुख्यमंत्री

Ghaziabad News: गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत निगम द्वारा जीवीपी मुक्त अभियान की शुक्रवार को शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महरौली रोड पर डीएचबीवीएन कॉलोनी के पास नगर निगम द्वारा विकसित किए गए जीवीपी मुक्त स्थल का औचक निरीक्षण किया और इस विशेष स्वच्छता अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।

स्वच्छता को जन आंदोलन बनाना

इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वच्छता को केवल एक सरकारी योजना तक सीमित नहीं रखते हुए इसे जन-आंदोलन बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार आवश्यक व्यवस्था, आधुनिक तकनीक और संसाधन उपलब्ध करा सकती है, लेकिन घरों और संस्थानों से निकलने वाले कचरे को सही तरीके से अलग-अलग रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। मुख्यमंत्री ने सरकारी व्यवस्था, आधुनिक तकनीक और जनता की भागीदारी को स्वच्छता अभियान के तीन सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ करार दिया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वह खुले में कचरा बिल्कुल नहीं फेंके, घर पर ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखें और केवल अधिकृत कचरा-वाहन को ही अपना कचरा सौंपें। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल एक बार सफाई करना नहीं, बल्कि चिन्हित स्थानों पर दोबारा कचरा जमा न हो, इसके लिए नागरिकों में स्थायी और जिम्मेदार व्यवहार विकसित करना है।

कचरा बिंदुओं की सफाई

10 दिन में 21 कचरा बिंदु साफ करने का है लक्ष्य

नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शुरू किया गया यह विशेष जीवीपी मुक्त अभियान को 11 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में चिन्हित 21 प्रमुख कचरा संवेदनशील बिंदुओं (जीवीपी) पर विशेष सफाई अभियान चलाकर उन्हें पूरी तरह साफ-सुथरा और सुंदर सार्वजनिक स्थलों में बदला जाएगा। अभियान के अनुसार दो अक्तूबर को डीएचबीवीएन कॉलोनी के पास (महरौली रोड) और सरहोल में अभियान की शुरुआत हुई। तीन अक्तूबर को टिकरी और सेक्टर-18, चार को अरबाना मॉल एवं सुभाष चौक, पांच को पेस सिटी-1 एवं गौशाला मैदान, छह को पेस सिटी और सिंघा चौक शामिल है। इसके अलावा सात से 11 अक्तूबर तक कृष्णा कॉलोनी, मेगापोलिस मॉल के पास, इंडियन गैस एजेंसी के पास, घाटा, बंजारा मार्केट, सेक्टर-37, मोहम्मद हेड़ी रोड, दौलताबाद रोड, सेक्टर-39 और उल्लावास सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर विशेष गतिविधियां चलाई जाएंगी।

स्थानीय निवासियों की भागीदारी

नगर निगम ने शहर की सभी आरडब्ल्यूए, बाजार संघों, दुकानदारों, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं और स्थानीय निवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे अपने क्षेत्र के अभियान से जुड़कर श्रमदान करें और अपने आसपास के जीवीपी (कचरा बिंदु) को सुंदर बिंदु बनाने में सहयोग दें। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता बनाए रखने और कचरा अलग-अलग करने का प्रभावी संदेश दिया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री के साथ मौजूद सभी गणमान्य व्यक्तियों और नागरिकों ने शहर को स्वच्छ रखने की सामूहिक शपथ ली।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦जीवीपी मुक्त अभियान कब शुरू हुआ?−
जीवीपी मुक्त अभियान 2 अक्तूबर को शुरू हुआ।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsएनसीआर Newsगाज़ियाबादGhaziabad News: स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने पर जोर दें : मुख्यमंत्री