
गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर जाम से निजात मिलेगी
गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर जाम से राहत पाने के लिए ग्वाल पहाड़ी पुलिस चौकी के समीप स्लिप रोड बनाने की योजना बनाई जा रही है। यातायात पुलिस के सर्वेक्षण के अनुसार, इससे जाम में कमी आएगी। जीएमडीए इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है, जिससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा और हादसे की आशंका भी घटेगी।
गुरुग्राम। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर जाम से राहत दिलाने की तैयारी की जा रही है। यातायात पुलिस ने सर्वेक्षण में पाया है कि यदि ग्वाल पहाड़ी पुलिस चौकी के समीप गुरुग्राम से दिल्ली और दिल्ली से फरीदाबाद जाने के लिए स्लिप रोड का निर्माण कर दिया जाए तो जाम से राहत मिल सकती है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) से स्लिप रोड बनाने के लिए सिफारिश की है। जीएमडीए के सीईओ के मुताबिक स्लिप रोड निर्माण की संभावनाओं को तलाशा जाएगा। रोजाना सुबह और शाम के समय गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर जाम की समस्या बन जाती है। कई बार तो स्थिति इतनी बदतर हो जाती है कि इस रोड को पार करने में एक से सवा घंटे तक का समय लग जाता है।
घाटा टी प्वाइंट से वाहनों का जाम लगना शुरू होता है, जो फरीदाबाद रोड पर हनुमान मंदिर तक रहता है। सर्वेक्षण में यातायात पुलिस ने पाया है कि गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर टोल प्लाजा के समीप स्ट्रीट लाइट का पर्याप्त बंदोबस्त नहीं है। इस वजह से यहां अंधेरा छाया रहता है। सड़क हादसा होने का डर बना रहता है। लोग बोले, रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ा ग्वाल पहाड़ी निवासी धीरज तंवर का कहना है कि ग्वाल पहाड़ी पुलिस चौकी के समीप यदि स्लिप रोड का निर्माण हो जाता है तो यातायात जाम में कमी आ सकती है। गुरुग्राम से ग्वाल पहाड़ी या दिल्ली और दिल्ली से फरीदाबाद जाने के लिए वाहन चालकों को यातायात सिग्नल पर फंसना नहीं पड़ेगा। इससे यातायात बेहतर होगा। सोनू तंवर का कहना है कि पिछले कुछ समय में इस सड़क पर यातायात बेहद अधिक बढ़ गया है। इस सड़क पर यातायात सुरक्षा उपकरणों की बेहद कमी है, जिससे सड़क हादसा होने का डर रहता है। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर यातायात को और बेहतर किया जाएगा। जहां पर भी स्लिप रोड बनाने की जरूरत होगी, वहां पर जल्द इसका निर्माण शुरू करवाएंगे। -पीसी मीणा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जीएमडीए

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




