
दिनदहाड़े गोलीबारी करने वालों का सुराग नहीं लगा
नंदग्राम थानाक्षेत्र में रंजिशन फायरिंग की थी चार लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया मुकदमा
गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। नंदग्राम थानाक्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े गोलीबारी करने वाले आरोपियों को पुलिस दूसरे दिन भी गिरफ्तार नहीं कर सकी। घटना के संबंध में चार नामजद और अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। थानाक्षेत्र के गांव सिकरोड भट्टा नंबर-पांच निवासी हर्ष कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मोबाइल की दुकान करता है। एक जनवरी की रात उसके छोटे भाई लक्की और उसके दोस्त व्योम के साथ वीवीआईपी सोसाइटी के भीतर कुछ युवकों ने कार से टक्कर मारने के बाद मारपीट की थी।
इस घटना की सूचना मोरटा चौकी को दी गई थी, जिसे लेकर आरोपी पक्ष रंजिश मान बैठा। हर्ष कुमार का आरोप है कि तीन जनवरी की सुबह करीब 10:21 बजे उसके मोबाइल पर फोन कर उसे पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई। कुछ ही मिनट बाद काले रंग की बिना नंबर प्लेट की थार गाड़ी से आए आरोपियों ने उसके बड़े भाई शुभम को निशाना बनाया। आरोप है कि एक युवक ने शुभम की छाती पर पिस्टल लगाकर जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसे गलत व्यक्ति समझकर छोड़ दिया। हर्ष के मुताबिक इसके कुछ समय बाद जब वह खुद दुकान से निकलकर गाड़ी में बैठा, तभी वही आरोपी दोबारा पहुंचे और उस पर जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चला दी। हर्ष का कहना है कि उसकी गाड़ी में तीन गोलियों के निशान मिले हैं। सीपी नंदग्राम उपासना पांडेय कहना है कि घटना में कौन-कौन शामिल था, इसकी जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम दबिश दे रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




