सीसीएसयू की आज की परीक्षाएं 12 जनवरी को होंगी
-चौ.चरण सिंह विवि ने जारी किए आदेश, मेरठ-सहारनपुर मंडल में थे पेपर -आज के स्थगित

गाजियाबाद, कार्यालय संवाददाता। हाई कोर्ट बेंच को लेकर बुधवार को पश्चिमी यूपी बंद के ऐलान से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय कैंपस और संबद्ध कॉलेजों की समस्त परीक्षाएं स्थगित रहेंगी। ये सभी परीक्षाएं अब 12 जनवरी 2026 को पूर्व निर्धारित पाली एवं केंद्रों पर होंगी। विश्वविद्यालय के अनुसार, गुरुवार और इससे आगे की सभी परीक्षाएं यथावत एवं पूर्व निर्धारित केंद्रों पर होंगी। बेंच को लेकर समस्त संगठन और संस्थाओं के समर्थन से बुधवार को बंद प्रभावी रहने की उम्मीद है। विश्वविद्यालय की नौ जिलों में 190 से अधिक केंद्रों पर सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। गाजियबाद में 30 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है।
केंद्रों के लिए छात्र निजी एवं सरकारी वाहनों का प्रयोग कर रहे हैं। परीक्षाएं सुबह दस बजे से एक बजे तक और दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक की दो पालियों में हो रही हैं। इस अवधि में बंद के चलते छात्रों को केंद्र पर पहुंचने में मुश्किल होती। पूर्व महामंत्री अंकित अधाना सहित छात्रों ने संभावित असुविधा से पेपर स्थगित करने की मांग की थी। समीक्षा के बाद विवि ने यह आदेश जारी किए हैं। स्नातक के छात्रों ने को-करिकुलर परीक्षाएं दीं : मंगलवार को जिले में स्नातक एवं परास्नातक की ह्यूमन वेल्यू और को-करिकुलर समेत विभिन्न विषयों की परीक्षाएं हुईं। वीएमलएलजी कॉलेज में बीए प्रथम, तृतीय एवं पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं कराई गईं। इन परीक्षाओं के लिए वीएमएलजी कॉलेज में कुल 530 छात्राएं पंजीकृत थी, जिसमें से 525 ने परीक्षा दी और पांच ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, शंभू दयाल पीजी कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कमलेश भारद्वाज ने बताया कि बीए के 409 में से 400 छात्रों ने परीक्षा दी। बीकॉम के 198 पंजीकृत छात्रों में से छह ने परीक्षा छोड़ दी। जबकि एमए तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा के लिए कुल सात में से पांच छात्र उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




