नाराजगीः हमतुम रोड 24 के बजाए छह मीटर चौड़ा बनाने से लोगों में रोष
- हमतुम रोड वासियों ने सड़क निर्माण के टेंडर के बाद बदलाव करने पर जताई

गाजियाबाद, गुलशन भारती। हमतुम रोड का निर्माण 24 मीटर के बजाए मात्र छह मीटर चौड़ा निर्माण करने से स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जीडीए सड़क निर्माण को लेकर लगातार गुमराह कर रहा है, जबकि आबादी और इस सड़क से होने वाली आवाजाही को देखते हुए इसका मास्टर प्लान के मुताबिक चौड़ा होना जरूरी है। वहीं, जीडीए का कहना है कि टेंडर केवल छह मीटर चौड़ी सड़क का ही दिया गया है। स्थानीय निवासी मुरारी लाल शर्मा ने आरोप लगाया कि जीडीए ने हाल ही में सड़क का निर्माण और चौड़ीकरण के लिए टेंडर जारी किया है। बताया जा रहा है कि टेंडर में 24 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण करने की बात कही गई है और अब जब सड़क निर्माण शुरु होने वाला है तो केवल छह मीटर सड़क बनाने की बात कही जा रही है। निवासियों ने खुद के साथ इसे जीडीए की धोखाधड़ी करार दिया है।
पतली सड़क से हो रहे हादसे
निवासी मंजीत सिंह और सुनील अग्रवाल के मुताबिक अब तक करीब 16 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लोगों का कहना है कि न तो भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जा रही है और न ही सड़क चौड़ी की जा रही है। छह मीटर चौड़ी सड़क बनने के बाद हादसे कम होने के बजाए और बढ़ जाएंगे, क्योंकि सड़क बनने के बाद वाहन और भी तेज गति से जाएंगे।
सात से अधिक सोसाइटी बसी हैं
हमतुम रोड पर महक जीवन, संचार रेजीडेंसी समेत करीब सात सोसाइटी बसी हैं, जहां हजारों की संख्या में लोग निवास करते हैं। हमतुम रोड की खस्ता हालत को देखते हुए लोग लगातार प्रशासन, जीडीए से सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं। अनेकों बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं।
टेंडर 24 मीटर का नहीं केवल छह मीटर सड़क बनाने का ही दिया है
सड़क चौड़ीकरण के लिए किसानों से जमीन लेने के लिए अभी केवल सहमति ही बनी है, लेकिन बैनामा नहीं हुआ है। बैनामे के बाद चौड़ा किया जाएगा।
आलोक रंजन, मुख्य अभियंता, जीडीए
अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


