Ghaziabad News: दुर्गापूजा में दिखेगी संस्कृति, शक्ति और शौर्य की झलक, तैयारी शुरू
Ghaziabad News: गाजियाबाद में दुर्गापूजा उत्सव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बार दुर्गा पूजा कौमी एकता, संस्कृति और पर्यावरण के संरक्षण के संगम के रूप में मनाई जाएगी। 11 से 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस उत्सव में 70 सोसाइटियां शामिल होंगी, जिसमें कलश यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, गुलशन भारती। जिले में दुर्गापूजा उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अलग-अलग समितियां शहर में अलग-अलग थीम पर पूजा का आयोजन करेंगी। राज नगर एक्सटेंशन के संकल्प सिद्धि स्थल पर इस बार दुर्गा पूजा सिर्फ आस्था का पर्व नहीं, बल्कि संस्कृति, शक्ति और शौर्य के संगम के रूप में मनाई जाएगी। दुर्गा प्रतिमा भी ईको फ्रेंडली होगी और विसर्जन भी इको फ्रेंडली तरीके से किया जाएगा। पूजा समिति संकल्पसिद्धि फाउंडेशन के अध्यक्ष राजीव झा ने बताया कि 11 से 20 अक्तूबर तक चलने वाले इस आयोजन में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया है। मां दुर्गा की प्रतिमा पूरी तरह मिट्टी से बनाई जा रही है और विसर्जन स्थल पर बने छठ घाट में ही किया जाएगा। पूजा बीएचयू से शिक्षा प्राप्त आचार्यों की टीम द्वारा कराई जाएगी। समिति के मुताबिक इस बार करीब 70 सोसाइटियां एक साथ उत्सव में सहभाग करेंगी。
कलश यात्रा से होगी शुरुआत
दुर्गापूजा उत्सव की शुरुआत 11 अक्टूबर रविवार को भव्य कलश यात्रा से होगी। 101 कन्याएं और महिलाएं लाल-पीले परिधानों में पिपलेश्वर मंदिर से पूजा स्थल तक पैदल यात्रा कर कलश स्थापना करेंगी। मुख्य आकर्षण 17 से 20 अक्तूबर तक होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रमों का समन्वय निधि विश्वकर्मा और अदिति झा करेंगी।
हर दिन होंगे अलग कार्यक्रम
उत्सव के दौरान हर दिन अलग कार्यक्रम होंगे। 17 को देवी-देवताओं और पौराणिक गाथाओं पर आधारित नाट्य मंचन होगा। 18 को नारी शक्ति को समर्पित विशेष संध्या, जिसमें साहस और सामर्थ्य की प्रस्तुतियां होंगी। 19 को देशभक्ति और वीर गाथाओं पर आधारित कार्यक्रम होंगे, जिसमें सैनिकों के शौर्य को नमन किया जाएगा। 20 अक्तूबर को ओपन डांडिया नाइट के साथ उत्सव का समापन होगा।

