Ghaziabad News: आवासीय समितियों के भूखंडों पर कार्रवाई से नाराजगी, विधायक से मिले लोग
Ghaziabad News: गाजियाबाद की आवासीय समिति वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने विधायक संजीव शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने 6000 परिवारों को उत्पीड़न से बचाने और परिषद की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पर नाराजगी जाहिर की। 1998 में अधिग्रहण के बाद समितियों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। विधायक ने सहयोग का आश्वासन दिया।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, गुलशन भारती। आवासीय समिति वेलफेयर एसोसिएशन गाजियाबाद के पदाधिकारियों ने रविवार को विधायक संजीव शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद द्वारा आवासीय समितियों के भूखंडों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर नाराजगी जाहिर की और छह हजार परिवारों को उत्पीड़न से बचाने की मांग की। एसोसिएशन के सचिव जगवीर चौधरी ने बताया कि सिद्धार्थ विहार की 12 समितियों की भूमि का अधिग्रहण 1998 में हुआ था। 19 साल बाद परिषद ने 50 प्रतिशत भूमि समायोजित कर आवंटित की। इसके बाद समितियों ने अपने स्तर पर विकास कार्य किए। आरोप है कि 2022 से परिषद निर्माण संबंधी दस्तावेजों को लेकर कार्रवाई कर रही है, जिससे समस्याएं खड़ी हो गई हैं।
परिषद से अनुकूल जवाब न मिलने पर समितियों ने न्यायालय का रुख किया, लेकिन फिर भी समाधान नहीं निकला। समिति का कहना है कि विधायक संजीव शर्मा ने सभी को सहयोग और समस्याओं के निराकारण का आश्वासन दिया है। इस दौरान महिपाल सिंह, हरिश्चंद्र गोला, विजय सिंह, प्रदीप कुमार शर्मा, विजेंद्र सिंह, अरविंद सक्सेना आदि मौजूद रहे।


