Ghaziabad News: डांडिया नाइट में खूब थिरकीं महिलाएं, माता रानी और मां काली की झांकी ने किया आकर्षित
Ghaziabad News: - सिद्धार्थ विहार की एसजी शिखर हाइट्स सोसाइटी में रविवार की रात हुआ डांडिया नाइट

Ghaziabad News: गाजियाबाद, गुलशन भारती। सिद्धार्थ विहार स्थित एसजी शिखर हाइट्स सोसाइटी में रविवार को डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। देर रात तक चले कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति, संगीत और मनोरंजन का शानदार संगम देखने को मिला। बच्चों और महिलाओं समेत सोसाइटी के निवासी डांडिया और गरबा गीतों पर खूब थिरके। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण माता रानी और मां काली की भव्य झांकी रही। झांकी के माध्यम से मां काली के रौद्र स्वरूप, राक्षसों के वध तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रभावशाली चित्रण किया गया। इस भक्तिमय प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
महिलाओं एवं बच्चों ने समूह नृत्य, एकल नृत्य और युगल प्रस्तुतियों के साथ पारंपरिक गरबा एवं डांडिया की प्रस्तुति दी। नटखट गरबा स्टार्स, सात रंग एक साथ, लिली एंड लोटस ग्रुप, रोज ग्रुप, रास रसिका, रास मणि गरबा खेलैयो सहित विभिन्न प्रतिभागी समूहों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों की ऊर्जा, पारंपरिक परिधान और शानदार नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद निवासी डीजे की धुनों और ढोल की थाप पर देर तक झूमे। कार्यक्रम में खरीदारी एवं स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए।

