Ghaziabad News: ठेके पर निर्धारित समय से पूर्व शराब बेचने का आरोप
Ghaziabad News: गाजियाबाद के शास्त्रीनगर में राज गैस एजेंसी चौपला के पास शराब ठेकों के बाहर खुले में शराब पीने और निर्धारित समय से पहले व बाद में बिक्री की शिकायतें सामने आई हैं। स्थानीय भाजपा पार्षद अमित त्यागी ने सुबह मौके पर आठ से दस लोगों को शराब पीते देखा और फेसबुक लाइव किया। स्थानीय लोगों ने निगरानी की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। शास्त्रीनगर में राज गैस एजेंसी चौपला के पास शराब ठेकों के बाहर खुले में जाम छलकाने और निर्धारित समय से पहले व बाद में शराब बेचने की शिकायतें सामने आई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुबह से देर रात तक यहां शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। सोमवार सुबह करीब नौ बजे स्थानीय भाजपा पार्षद मौके पर पहुंचे तो वहां आठ से दस लोग खुले में शराब पीते मिले। पार्षद ने इसको लेकर फेसबुक लाइव भी चलाया। पार्षद अमित त्यागी के मुताबिक शास्त्रीनगर के मुख्य बाजार में राज गैस एजेंसी चौपला के पास अंग्रेजी और देसी शराब के दो ठेके हैं। इन ठेकों के आसपास सड़क किनारे खुले में शराब पीने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। सुबह से ही यहां शराब पीने वालों का आना शुरू हो जाता है और देर रात तक जमावड़ा बना रहता है। इससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पार्षद का कहना है कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे ठेकों के बाहर खुले में शराब पीने की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचे। वहां आठ से दस लोग सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए लोगों से खुले में शराब न पीने को कहा। इस पर शराब पी रहे लोगों ने जवाब दिया कि वे अपने रुपयों से शराब पी रहे हैं। सुबह नौ बजे का यह मामला ऐसे समय सामने आया, जब ठेकों के खुलने का समय सुबह दस बजे बताया गया है। पार्षद का कहना है कि इसको लेकर उन्होंने फेसबुक लाइव भी किया।
महिलाओं और बच्चियों की आवाजाही से बढ़ी चिंता
महिलाओं और बच्चियों की आवाजाही से बढ़ी चिंता
पार्षद का कहना है कि शास्त्रीनगर इलाका मुख्य बाजार है। यहां दिनभर खरीदारी के लिए लोगों का आना-जाना लगा रहता है। महिलाओं और बच्चियों के अलावा सुबह और शाम को बड़ी संख्या में लोग टहलने के लिए भी निकलते हैं। ऐसे में सड़क किनारे खुले में शराब पीने वालों के जमावड़े से लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने इस पर रोक लगाने और ठेकों के आसपास नियमित निगरानी की मांग की है। लोगों का आरोप है कि ठेके बंद होने के बाद भी शटर के नीचे से शराब बेची जाती है। यदि ऐसा हो रहा है तो यह निर्धारित समय के पालन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
पुलिस और आबकारी विभाग पर उठे सवाल
पार्षद ने पुलिस और आबकारी विभाग पर उठाए सवाल
पार्षद अमित त्यागी का कहना है कि शराब ठेकों के बाहर खुले में शराब पीने और समय से पहले व बाद में बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं। इसके बावजूद समस्या पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की अनदेखी के चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। कविनगर पुलिस को संबंधित स्थानों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। खुले में शराब पीने वालों को पकड़कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि निर्धारित समय से पहले या बाद में शराब बेचे जाने की पुष्टि होती है तो ठेका संचालकों और सेल्समैनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

