Ghaziabad News: सोसाइटी में फर्जी आरडब्ल्यूए बनाकर लाखों की अवैध वसूली का आरोप

हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share

Ghaziabad News: गाजियाबाद की केएम रेजिडेंसी सोसाइटी में फर्जी आरडब्ल्यूए बनाकर मेंटेनेंस के नाम पर रकम वसूलने के आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता ने फर्जी दस्तावेजों से संस्था का पंजीकरण, निवासियों को धमकाने, पानी रोकने और क्लब हाउस पर कब्जे की शिकायत की। नंदग्राम पुलिस ने सात नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ghaziabad News: सोसाइटी में फर्जी आरडब्ल्यूए बनाकर लाखों की अवैध वसूली का आरोप

Ghaziabad News: गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। राजनगर एक्सटेंशन स्थित केएम रेजिडेंसी सोसाइटी में फर्जी आरडब्ल्यूए बनाकर मेंटेनेंस के नाम पर लाखों रुपये की अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। सोसाइटी में रहने वाले व्यक्ति ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संस्था का पंजीकरण कराने, निवासियों को धमकाने, पानी की आपूर्ति रोकने और क्लब हाउस पर कब्जा करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस आयुक्त से शिकायत के आधार पर नंदग्राम पुलिस ने सात नामजद तथा अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। केएम रेजीडेंसी सोसाइटी में रहने वाले अंशुल चौधरी ने पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर बताया कि सोसाइटी में पहले से केएम रेजिडेंसी अलॉटीज वेलफेयर एसोसिएशन पंजीकृत है, जो वर्ष 2025 से निवासियों से संबंधित कार्य कर रही है। आरोप है कि इसके बावजूद सुधीर कुमार त्यागी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर केएम रेजिडेंसी सोशल वेलफेयर एसोसिएशन के नाम से दूसरी संस्था का पंजीकरण करा लिया। आरोप है कि इसके लिए कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया और गलत तथ्यों वाला हलफनामा दिया गया। शिकायत में कहा गया है कि 21 नवंबर 2025 को दिए गए हलफनामे में संस्था के नाम से मिलती-जुलती किसी अन्य संस्था के पंजीकृत होने और इमारत की मंजिलों से संबंधित तथ्यों को लेकर शर्तों का उल्लेख किया गया था। अंशुल का दावा है कि सोसाइटी में पहले से आरडब्ल्यूए पंजीकृत है और इमारत 14 मंजिला है। ऐसे में हलफनामे में दिए गए तथ्यों की जांच कराना जरूरी है।

मेंटेनेंस के नाम पर दबाव बनाने का आरोप

मेंटेनेंस के नाम पर दबाव बनाने का आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि नई संस्था के पदाधिकारी सोसाइटी के निवासियों पर मेंटेनेंस और अन्य खर्चों के नाम पर रकम देने का दबाव बनाते हैं। रकम न देने पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित करने और अप्रिय घटना होने की धमकी दी जाती है। इतना ही नहीं, संस्था के नाम पर पैन कार्ड बनवाने के साथ बैंक खाता भी खुलवाया गया है। आरोप है कि वसूली गई रकम निजी खातों में लेकर निजी हित में इस्तेमाल की जा रही है। अंशुल के अनुसार, सोसाइटी के रखरखाव पर होने वाले खर्चों में लिफ्टों का मेंटेनेंस, जनरेटर का किराया, डीजल, कूड़ा संग्रह, कॉमन एरिया की बिजली और कर्मचारियों का वेतन शामिल है। उनका दावा है कि इन खर्चों का वहन अब भी बिल्डर कंपनी एसआरबी प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड कर रही है।

पानी की आपूर्ति रोकने और क्लब हाउस पर कब्जे का आरोप

पानी रोकने और क्लब हाउस पर कब्जे का आरोप

अंशुल चौधरी ने शिकायत में 27 दिसंबर 2025 की एक घटना का भी जिक्र किया गया है। आरोप है कि सुधीर त्यागी और उनके सहयोगियों ने सोसाइटी निवासी राजकुमार जैन और उनके बेटे के साथ गाली-गलौज की। मेंटेनेंस की मांग का विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई की कोशिश की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने घटना की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने का दावा किया है। इसके अलावा, 24 जून 2026 को सोसाइटी के क्लब हाउस पर कब्जा कर कार्यालय बनाने और निवासियों को इसका इस्तेमाल न करने देने का आरोप भी लगाया गया है। वहीं, 13 जुलाई 2026 को बी-ब्लॉक की पानी की आपूर्ति रोकने का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि मेंटेनेंस न देने वाले निवासियों को पानी न देने की बात कही गई थी। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सात नामजद, अन्य अज्ञात के खिलाफ भी मुकदमा

सात लोगों को नामजद किया, अज्ञात को भी आरोपी बनाया

अंशुल चौधरी ने शिकायत में सुधीर कुमार त्यागी, कुलदीप राठी, अभिषेक सेठ, पुलक कुमार, सुरेंद्र नेगी, माया स्वामी और निधि रंजन को नामजद किया गया है। इनके अलावा अन्य अज्ञात लोगों की भूमिका की भी जांच की मांग है। उन्होंने सोसाइटी में तोड़फोड़, सुरक्षा गार्डों के जरिये दबाव बनाने और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के आरोप भी लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद का कहना है कि शिकायत के आधार पर 12 अक्तूबर को सात नामजद तथा अन्य अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦केएम रेजिडेंसी सोसाइटी मामले में शिकायतकर्ता ने क्या आरोप लगाए हैं?−
शिकायतकर्ता ने फर्जी दस्तावेजों से संस्था का पंजीकरण कराने, मेंटेनेंस के नाम पर रकम मांगने, निवासियों को धमकाने, पानी की आपूर्ति रोकने और क्लब हाउस पर कब्जा करने के आरोप लगाए हैं।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsएनसीआर Newsगाज़ियाबादGhaziabad News: सोसाइटी में फर्जी आरडब्ल्यूए बनाकर लाखों की अवैध वसूली का आरोप