
मधुबन बापूधाम में 70 करोड़ से सुविधाएं दुरुस्त होंगी
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण मधुबन बापूधाम योजना की पॉकेट-ए में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 70 करोड़ रुपये खर्च करेगा। सड़क, सीवर और पेयजल लाइन का निर्माण किया जाएगा। जीडीए का उद्देश्य क्षेत्र के निवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना और भविष्य में आवासीय तथा व्यावसायिक विकास को बढ़ावा देना है।
गाजियाबाद, प्रमुख संवाददाता। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण मधुबन बापूधाम योजना की पॉकेट-ए में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए बड़े स्तर पर कार्य कराने जा रहा है। इस पॉकेट में सड़क, सीवर, पेयजल लाइन सहित अन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जीडीए सचिव विवेक मिश्रा ने बताया कि इस क्षेत्र का सर्वे लंबे समय से प्रस्तावित था, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर विकास कार्यों को अंतिम रूप दे दिया गया है और जल्द ही इनके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जीडीए सचिव ने बताया कि पॉकेट-ए में प्रस्तावित विकास कार्य पूरे होने के बाद क्षेत्र के निवासियों को बेहतर सड़क व्यवस्था, सुचारु सीवर सिस्टम और स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।
इससे न केवल रहने की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि भविष्य में होने वाले आवासीय और व्यावसायिक विकास को भी गति मिलेगी। जीडीए का उद्देश्य है कि योजनाबद्ध तरीके से बुनियादी सुविधाएं विकसित कर क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप दिया जाए। इसके साथ ही जीडीए बुनकर मार्ट के पास मौजूद 30 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण की भी तैयारी कर रहा है। यह सड़क करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी। इस सड़क के निर्माण के लिए भी जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सड़क बन जाने के बाद बुनकर मार्ट तक पहुंचना आसान हो जाएगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और यातायात व्यवस्था भी सुचारु होगी। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि इन विकास कार्यों से मधुबन बापूधाम क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार होगा और गाजियाबाद के समग्र शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




