Ghaziabad News: जीडीए के विकास कार्यों पर थर्ड पार्टी एजेंसी नजर रखेगी
Ghaziabad News: गाजियाबाद में जीडीए ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। अब सभी विकास कार्यों की निगरानी एक स्वतंत्र एजेंसी द्वारा की जाएगी। यह एजेंसी निर्माण के हर चरण की जांच करेगी और गुणवत्ता में कमी मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, नतिन कौशिक। जीडीए ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर सख्त कदम उठाया है। अब किसी भी सड़क, भवन, पार्क, नाले या अन्य विकास परियोजना में गुणवत्ता से समझौता करना आसान नहीं होगा। जीडीए ने सभी विकास एवं भवन निर्माण कार्यों की थर्ड पार्टी क्वालिटी सर्विलांस के लिए स्वतंत्र एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए रिक्वेस्ट फार प्रपोजल (आरएफपी) जारी कर आवेदन मांगे गए हैं। जीडीए की योजना है कि चयनित एजेंसी निर्माण कार्यों की शुरुआत से लेकर पूर्ण होने तक हर चरण की निगरानी करेगी। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, डिजाइन के अनुरूप कार्य, तकनीकी मानकों का पालन और कार्य की प्रगति का समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा।
यदि किसी परियोजना में गुणवत्ता संबंधी कमी या लापरवाही मिलती है तो उसकी रिपोर्ट सीधे प्राधिकरण को सौंपी जाएगी, जिससे संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि चयनित एजेंसी दो वर्ष तक जीडीए की विभिन्न विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता की निगरानी करेगी। इस समय विभिन्न आवासीय योजनाओं, सड़कों, व्यावसायिक परिसर, पार्क और आधारभूत ढांचे पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि स्वतंत्र निगरानी व्यवस्था लागू होने से निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही बढ़ेगी, तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन होगा और जनता को लंबे समय तक टिकाऊ एवं सुरक्षित आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल का कहना है कि इंजीनियर के साथ ही स्वतंत्र एजेंसी भी प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण कार्यों पर नजर रखेगी। गुणवत्ता में कमी मिली तो ठेकेदारों की जवाबदेही तय होगी।


