Ghaziabad News: घर-घर कूड़ा उठाने वाले वाहन नहीं आने से परेशान निवासी
Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन के वसुंधरा, वैशाली, और शालीमार गार्डन में कूड़ा उठाने वाले वाहन नियमित रूप से नहीं आ रहे हैं। स्थानीय निवासी कूड़ा गलियों और सड़कों किनारे डालने को मजबूर हैं, जिससे दुर्गंध और गंदगी की समस्या पैदा हो रही है। निवासी कूड़ा उठाने के लिए प्रभावी निगरानी की मांग कर रहे हैं।

Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन, अफजल खान। घर-घर से कूड़ा उठाने वाले वाहन नियमित नहीं पहुंचने के कारण वसुंधरा, वैशाली, शालीमार गार्डन समेत ट्रांस हिंडन के कई इलाकों में लोग परेशान हैं। कई स्थानों पर लोग मजबूरी में गलियों और सड़कों के किनारे कूड़ा डाल रहे हैं। इससे जगह-जगह गंदगी के ढेर लगने के साथ दुर्गंध की समस्या भी बढ़ रही है। जिससे लोगों को इलाके में रहना भी दूभर हो गया है। वसुंधरा के महाराजपुर, कड़कड़ मॉडल गांव में कई स्थानों पर लोगों के घरों के आगे कूड़ा जमा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद समय से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है।
निवासी मनीष सक्सेना ने बताया कि इलाके में गलियां संकरी होने के कारण कूड़ा वाहन घर-घर कूड़ा लेने के लिए नहीं आते। उन्होंने आरोप लगाया है कि कई बार गलियों के कोने तक कूड़ा वाहन लाने की मांग की है। लेकिन यहां तक भी नहीं लाया जाता। इस कारण आसपास के लोग गलियों के कोने पर और खाली स्थानों पर गंदगी फैला देते है। वहीं राजेंद्र नगर स्थित एसपीएस-2 के आरडब्लूए सचिव एमएस बिष्ट ने बताया कि सफाई कराए जाने के कुछ समय बाद ही लोग दोबारा उसी स्थान पर कूड़ा डाल देते हैं। उनका कहना है कि केवल सफाई कराना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। कूड़ा दोबारा न डाला जाए, इसके लिए निगरानी और प्रभावी व्यवस्था की जरूरत है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने और नियमित निगरानी कराने की मांग की है। वहीं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार का कहना है कि सभी इलाकों में नियमानुसार घर-घर कूड़ा वाले वाहनों को भेजा जा रहा है। खुले में कूड़ा डालने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।


