दोपहिया वाहन चुराकर दिल्ली में पुर्जे बेचने वाला गिरोह पकड़ा

Jan 12, 2026 06:33 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share Share
Follow Us on

वेव सिटी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। दोपहिया वाहन

दोपहिया वाहन चुराकर दिल्ली में पुर्जे बेचने वाला गिरोह पकड़ा

गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। दोपहिया वाहन चुराकर उनके पुर्जे दिल्ली में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए वेव सिटी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से चोरी की तीन बाइक, एक स्कूटी, वारदात में प्रयुक्त छोटा हाथी और बड़ी मात्रा में पुर्जे बरामद हुए। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि बीते कुछ महीनों से वेव सिटी थानाक्षेत्र के साथ आसपास के इलाकों में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। अलग-अलग तिथियों में दर्ज हुई शिकायतों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी। बीते 16 दिसंबर को रईसपुर थाना मधुबन बापूधाम निवासी साहिल, सात जनवरी को ग्राम खिचरा थाना धौलाना जिला हापुड़ निवासी सुमाइल, 11 जनवरी को ग्राम इनायतपुर थाना वेव सिटी निवासी राजीव और उसी दिन आदित्य वर्ल्ड सिटी निवासी जहांआरा खातून ने अपने-अपने दोपहिया वाहन चोरी होने की रिपोर्ट वेवसिटी थाने में दर्ज कराई थी।

वाहन चोरी के बढ़ते आंकड़े को देखते हुए गिरोह की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और पुराने अपराधियों की कुंडली खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी कड़ी में सोमवार को अहम सुराग लगने के बाद गिरोह का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को दबोच लिया गया। रेकी के बाद चुराते थे वाहन एसीपी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंद निवासी सुदामापुरी थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक, नदीम निवासी ग्राम ढबारसी थाना मसूरी, समद निवासी ग्राम देहपा थाना पिलखुआ हापुड़ और शाहरुख निवासी ताज कॉलोनी थाना मसूरी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य रात के समय सुनसान इलाकों में खड़े दोपहिया वाहनों की पहले रेकी करते, फिर चोरी करते थे। सभी आरोपियों के खिलाफ गाजियाबाद और हापुड़ के विभिन्न थानों में 35 मुकदमे दर्ज थे। चोरी के वाहन दिल्ली ले जाते थे पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वह चोरी किए गए वाहनों को एक मालवाहक वाहन में लादकर दिल्ली सीमापुरी ले जाते थे। वहां वाहनों को या तो औने-पौने दामों में बेच दिया जाता था या फिर कटवाकर उनके पार्ट्स अलग-अलग स्थानों पर खपा दिए जाते थे। आरोपियों ने बताया कि बरामद एक बाइक करीब एक माह पहले डासना खाद गोदाम के पास से, दूसरी चार दिन पहले पिलखुवा में एचडीएफसी बैंक के पास से, तीसरी बाइक करीब छह माह पहले उत्तरांचल नगर नंदग्राम से और स्कूटी करीब सात माह पहले शिप्रा सनसिटी से चोरी की थी। प्लास्टिक बोरे में मिले पुर्जों को डासना से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलों के बताया। शाहरुख की दुकान में बदली जाती थी नंबर प्लेट आरोपियों ने बताया कि समद बाइक के तार जोड़कर वाहन स्टार्ट कर लेता था और उसे लेकर भाग जाता है। गोविंद, शाहरुख और नदीम थोड़ी दूरी पर खड़े होकर आने-जाने वालों और पुलिस पर नजर रखते हैं। इसके बाद वाहनों को शाहरुख की दुकान पर ले जाकर नंबर प्लेट हटाई जाती थी और पुर्जे अलग कर गोविंद के मालवाहक वाहन में भरकर सीमापुरी दिल्ली में बेच देते थे। एसीपी का कहना है कि गिरोह के तार दिल्ली-एनसीआर के अन्य हिस्सों से भी जुड़े हो सकते हैं। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य साथियों और वाहन खरीदने वाले कबाड़ियों की तलाश की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।