Ghaziabad News: गणपति बप्पा के स्वागत के लिए भवन और पंडाल सजे
Ghaziabad News: गाजियाबाद में गणेश चतुर्थी के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस पर्व को मंदिरों, सोसाइटियों और कॉलोनियों में धूमधाम से मनाया जाएगा। भगवान गणेश की मूर्तियाँ स्थापित की जाएंगी और 56 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, संवाददाता। शहर में गणेश चतुर्थी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिरों, सोसाइटियों और कॉलोनियों में धूमधाम से गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जाएगा। गणपति बप्पा के स्वागत के लिए भवन पंडाल सजाए गए हैं। सभी जगह मूर्ति स्थापित कर विधि विधान से भगवान गणेश की पूजा अर्चना की जाएगी। गणेश चतुर्थी को लेकर मंदिरों और भवनों में सजावट हो गई है। वहीं कई जगह भगवान गणेश की मूर्ति भी आ गई है, जिसे 14 सितंबर को स्थापित किया जाएगा। नवयुग मार्केट स्थित शिव मंदिर में शनिवार को भगवान गणेश की मूर्ति ढोल नगाड़ों के साथ धूम धाम से लाई गई। मंदिर में भव्य सजावट की गई है। गणेश चतुर्थी पर विधि विधान से पूजा अर्चना कर मूर्ति को स्थापित किया जाएगा। वहीं पटेल नगर स्थित श्री गणेश मंदिर में पर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर में गणेश चतुर्थी पर एक दिवसीय भव्य महोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर के अध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने बताया कि सुबह भगवान गणेश को स्नान कराकर उनका श्रंगार किया जाएगा, जिसके बाद भजन कीर्तन आयोजित होंगे। हापुड़ की मंडली भजनों के माध्यम से भगवान का गुणगान करेगी। भगवान गणेश को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। 56 प्रकार के भोग का ही भंडारा होगा, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा。
दिल्ली से आएगी भगवान गणेश की मूर्ति
श्री गणेश महोत्सव समिति की ओर से कविनगर स्थित आपका भवन में भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित की जाएगी। समिति द्वारा 13 सितंबर को दिल्ली से श्री गणेश की मूर्ति धूमधाम से लाई जाएगी। समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज कौशिक ने बताया कि गणपति बप्पा की साढ़े छह फुट की मूर्ति स्थापित की जाएगी। 14 सितंबर से 18 सितंबर तक महोत्सव मनाया जाएगा। 18 सितंबर को धोल नगाड़ों के साथ मूर्ति विसर्जन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पांचों दिन अलग अलग गायक भगवान गणेश का गुणगान करेंगे। इस दौरान प्रतिष्ठित गायक प्रवीण शर्मा भी भजन गाएंगे। कार्यक्रम के शुभारंभ पूर्व सांसद अनिल अग्रवाल और दिनेश अरोड़ा मुख्य अतिथि रहेंगे।
तीन दिवसीय गणपति लड्डू महोत्सव मनेगा
सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर में तीन दिवसीय श्री दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव 14 से 16 सितंबर तक चलेगा और 17 सितंबर को भगवान श्री गणपति की भव्य शोभायात्रा एवं विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन मंदिर के पीठाधीश्वर महंत नारायण गिरि के मार्गदर्शन में किया जाएगा। 14 से 16 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह नौ से 11 बजे तक भगवान श्री गणपति की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। भगवान गणपति का पंचामृत एवं दूध से महाभिषेक होगा और 1008 नामों से दूर्वा एवं मोदक अर्पित कर विशेष अर्चना की जाएगी। शाम चार बजे से छह बजे तक भगवान गणपति का दूर्वा से विशेष अर्चन एवं आरती होगी। 17 सितंबर को शोभायात्रा दूधेश्वर चौक, दिल्ली गेट, चोपला मंदिर, डासना गेट, रमते राम रोड, गंज, टाउन हॉल, चोपला मंदिर होते हुए जीटी रोड स्थित घंटाघर पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा मुरादनगर गंगनहर पहुंचेगी, जहां विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री गणपति की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
सोसाइटियों में हफ्तेभर उत्सव चलेगा
जिले में 14 सितंबर से गणेश महोत्सव शुरु होने जा रहा है। सोसाइटी-कॉलोनियों में घर-घर बप्पा के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। करीब 100 से अधिक सोसाइटी में सामूहिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जहां बप्पा के स्वागत की पूरी तैयारियां लगभग हो चुकी हैं। हफ्तेभर चलने वाले महोत्सव में हर रोज पूजा-अर्चना, भजन आरती के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
सिद्धार्थ विहार की प्रतीक ग्रैंड सिटी सोसाइटी में 14 सितंबर को ढोल-नगाड़ों के साथ विघ्नहर्ता भगवान गणेश का भव्य स्वागत किया जाएगा और सुबह सात बजे पूरे विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। उससे पहले पूरी सोसाइटी परिसर में शोभा यात्रा निकाली जाएगी। 20 सितंबर को रंग-गुलाल के साथ मूर्ति विर्सजन किया जाएगा। इस बीच हर दिन सुबह-शाम को भजन-कीर्तन, आरती से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, जिसमें सोसाइटी के बच्चे तथा महिलाएं मुख्य रूप से शामिल रहेंगे। क्रॉसिंग रिपब्लिक की जीएच-7 सोसाइटी के मंदिर में 14 सितंबर को बप्पा की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके बाद हफ्तेभर तक पूजा-अर्चना का दौर चलेगा। राजनगर एक्सटेंशन की रिवर हाइट्स, यूनिनव हाइट्स समेत विभिन्न सोसाइटी में गणेश उत्सव का आयोजन होगा, जबकि निलाया ग्रीन सोसाइटी में दो दिन तक भक्त बप्पा का गुणगान करेंगे।
बप्पा के लिए महिलाएं बनाएंगी 56 भोग
गोविंदपुरम स्थित गौड़ होम्स सोसाइटी में गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में करीब 10 दिन गणेश महोत्सव का आयोजन होगा। 15 सितंबर को मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी। महिला मंडली रोज शाम को आरती से पहले भजन कीर्तन करेगी। 24 सितंबर को विसर्जन होगा। अंतिम दिन महिलाएं मिलकर 56 भोग तैयार करेंगी।


