Ghaziabad News: छह घंटे बिजली कटौती ने दिनभर सताया
Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन में बुधवार को बिजली ट्रिपिंग और अघोषित कटौती के कारण उपभोक्ताओं को छह घंटे तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। मोहन नगर, इंदिरापुरम और अन्य क्षेत्रों में बिजली की आंख-मिचौली से दैनिक कार्य प्रभावित हुए। बिजली कटौती के चलते पीने के पानी की समस्या भी बढ़ गई। बिजली निगम ने मरम्मत कार्य हेतु प्लान शटडाउन लिया।

Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन, अफजल खान। ट्रांस हिंडन के कई इलाकों में बुधवार को बिजली ट्रिपिंग और अघोषित कटौती से उपभोक्ताओं को करीब छह घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। मोहन नगर, अर्थला, इंदिरापुरम, वसुंधरा, वैशाली, शालीमार गार्डन समेत अन्य इलाकों के उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली के आने-जाने से दैनिक कार्यों को करने में कठनाई हुई। सुबह के समय बिजली नहीं होने से कई इलाकों में पेयजल संकट भी गहरा गया। ट्रांस हिंडन क्षेत्र नो ट्रिपिंग जोन में शामिल होने के बावजूद यहां के उपभोक्ता अंधाधुंध बिजली कटौती से बेहद परेशान है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले ट्रिपिंग की समस्या इसके बाद अघोषित बिजली कटौती और इसके बाद विद्युत निगम का प्लान शटडाउन रोजाना दिनभर सताता है।
इंदिरापुरम निवासी शहजाद अंसारी ने बताया कि बुधवार को सुबह से ही बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई। सुबह पांच बजे से सात बजे तक दो घंटे इसके बाद ट्रिपिंग से 10 बजे तक परेशान रहे। 11 बजे से एक बजे तक विद्युत निगम ने प्लान शटडाउन के तहत मरम्मत कार्यों के दौरान गर्मी ने सताया। उन्होंने बताया कि इस दौरान दुकान का संचालन भी प्रभावित हुआ। वहीं राधे श्याम पार्क निवासी डॉ. एससी बंसल ने बताया कि मोहन नगर में एक ही समय पेयजल आपूर्ति होती है। जो सुबह सात बजे से 10 बजे बिजली नहीं होने के कारण नहीं हो सकी। इसके चलते इलाके के लोगों पानी नहीं मिल सका। उन्होंने बताया इसके बाद एक घंटे के लिए विद्युत आपूर्ति बहाल रही। 12 बजे से प्लान शटडाउन के चलते दो बजे तक बिजली दोबारा से गुल रही। उन्होंने बताया कि दिनभर में करीब छह घंटे तक बिजली कटौती हुई। वहीं विद्युत निगम जोन तीन मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने बताया कि कुछ इलाकों में विद्युत व्यवस्था को बेहतर करने के लिए करीब दो घंटे का प्लान शटडाउन लिया गया। मरम्मत कार्यों को समय से पुरा कर आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।

