Ghaziabad News: प्लॉट देने के नाम पर 60 लाख रुपये हड़पने का आरोप
Ghaziabad News: गाजियाबाद के रसूलपुर सिकरोड़ निवासी व्यक्ति ने प्लॉट दिलाने के नाम पर 60 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। आरोप है कि खडक सिंह नामक व्यक्ति ने पैसे ले लिए लेकिन न तो प्लॉट दिया और न ही पैसे लौटाए। शिकायत पर कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। मसूरी थानाक्षेत्र के रसूलपुर सिकरोड़ निवासी व्यक्ति ने प्लॉट दिलाने के नाम पर 60 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने 12 हजार रुपये प्रति वर्गगज के हिसाब से सौदा तय होने के बाद अलग-अलग तारीखों में उससे और उसके दोस्त से कुल 60 लाख रुपये नगद ले लिए। बाद में न प्लॉट दिया और न पूरी रकम लौटाई। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है। रसूलपुर सिकरोड़ निवासी जराखत ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसे और उसके दोस्त शाहनवाज को मकान बनाने के लिए करीब 500 वर्गगज जमीन की आवश्यकता थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात खडक सिंह नाम के व्यक्ति से हुई। आरोप है कि खडक सिंह ने खुद को बड़ा ठेकेदार और जमीन की प्लाटिंग कर प्लॉट बेचने वाला कॉलोनाइजर बताया। उसने दोनों को मसूरी के खसरा नंबर 835 में हो रही प्लाटिंग दिखाई और 12 हजार रुपये प्रति वर्गगज के हिसाब से 500 वर्गगज के प्लॉट का सौदा तय किया।

