फ्लैट बेचने का सौदा कर 24 लाख रुपये ठगे
समझौते के बाद 29 लाख लौटाने का वादा किया था सिर्फ पांच लाख लौटाए,जांच कर

गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। महेंद्रा एन्क्लेव में फ्लैट का सौदा कर 24 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महेंद्रा एन्क्लेव निवासी मुकेश अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि विनीत कुमार से सौ वर्ग गज एरिया के फ्लैट का सौदा 24 लाख रुपये में तय हुआ था। शर्तों के अनुसार उन्होंने पूरी राशि बैंक के माध्यम से अदा कर दी। आरोप है कि भुगतान के बाद भी विनीत कुमार ने फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं कराई और लगातार टालमटोल करता रहा। उन्होंने 19 अगस्त 2025 को कविनगर थाने में लिखित शिकायत दी।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लिखित राजीनामा हुआ, जिसमें आरोपी ने 29 लाख रुपये लौटाने का वादा किया। मुकेश अग्रवाल का कहना है कि राजीनामा के बावजूद आरोपी ने अब तक केवल पांच लाख रुपये ही लौटाए हैं। शेष 24 लाख रुपये के भुगतान को लेकर वह लगातार गुमराह कर रहा है। आरोप है कि रकम मांगने पर वह स्पष्ट जवाब नहीं देता और भुगतान से इंकार कर रहा है। थक-हारकर उन्होंने फिर से कविनगर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि तीन मार्च को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी तथा अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



