
झगड़े का बदला लेने के लिए की थी हत्या
गुरुग्राम में 28 वर्षीय विनीत की हत्या में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी ने बताया कि झगड़े का बदला लेने के लिए विनीत की हत्या की गई थी। आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। विनीत को खेतों में पीटकर घायल अवस्था में छोड़ दिया गया था, और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गुरुग्राम। क्राइम ब्रांच और फर्रुखनगर थाना टीम ने 28 वर्षीय विनीत की हत्या में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि झगड़े का बदला लेने के लिए विनीत की हत्या की थी। पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास और मारपीट के संगीन मामले दर्ज हैं। 17 जनवरी को गांव खंडेवला निवासी विनीत जब खेत से काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी गांव के पंचायती भवन के पास एक अर्टिगा कार ने उसका रास्ता रोका। कार में सवार दोस्तों ने विनीत को जबरन गाड़ी में डालकर अपहरण किया और खेतों की ओर ले गए।
वहां आरोपियों ने लाठी-डंडों से विनीत को पीटा था। इसके बाद उसे घायल अवस्था में चिरंजीवी अस्पताल के पास फेंककर फरार हो गए। इलाज के दौरान 20 जनवरी को विनीत ने दम तोड़ दिया था। मुख्य आरोपी सागर उर्फ चेली ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 16 जनवरी को विनीत के साथ उसका झगड़ा हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने विनीत की पहले कई बार रेकी की थी। हत्या के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए राजस्थान के सीकर और उत्तराखंड के इलाकों में छिपते रहे। आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज : डीसीपी मानेसर दीपक जेवरिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच पर 22 जनवरी को पंचगांव चौक से पांचों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सागर उर्फ चेली, सागर उर्फ चीनू, जोगेंद्र उर्फ चिक्कू, प्रिंस और संग्राम के रूप में हुई। सागर उर्फ चेली पर हत्या के प्रयास और धमकी के तीन मामले दर्ज है, जबकि सागर उर्फ चीनू पर मारपीट और जानलेवा हमले के चार मामले और जोगेंद्र उर्फ चिक्कू हत्या और हत्या के प्रयास सहित चार मामले दर्ज है। पुलिस का कहना है कि अन्य मामलों के बारे में भी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




