आंधी-बारिश में कई जगह हुए फॉल्ट, घंटों गुल रही बिजली

Newswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
Follow us on Google News
share

-सात से अधिक इलाकों में 33 केवी लाइन में फॉल्ट हुए -कहीं पेड़ तो कहीं

आंधी-बारिश में कई जगह हुए फॉल्ट, घंटों गुल रही बिजली

गाजियाबाद/ट्रांस हिंडन, संवाददाता। शहर में गुरुवार दोपहर आई आंधी आने से पहले ही शहर के अधिकांश इलाकों की बिजली गुल हो गई। वहीं आंधी और बारिश के दौरान 20 से अधिक जगहों पर फॉल्ट हुए। कहीं खंभे तो कहीं पेड़ गिरने से बाधित हुई आपूर्ति दो से चार घंटे बाद तक ठीक हो पाई। इस कारण लोगों को काफी परेशानी हुई।दोपहर बाद करीब पौने तीन बजे आंधी आने से पहले शहर के अधिकांश इलाकों में बिजली गुल हो गई। विद्युत निगम ने सोशल मीडिया पर इसकी सूचना भी दी कि एहतियातन आपूर्ति बंद की गई है। वहीं आंधी-बारिश थमी और आपूर्ति सुचारू की गई तो कई इलाकों में फॉल्ट मिला।

इंदिरापुरम के ज्ञानखंड-दो, ज्ञानखंड-तीन, ज्ञानखंड-चार, अभयखंड-एक, अभयखंड-चार, विधायक कॉलोनी, न्यायखंड-एक और मकनपुर समेत कई क्षेत्रों में 33 और 11 केवी लाइनों में फॉल्ट हो गए। भोपुरा, कोयल एन्क्लेव, शहीद नगर, वसुंधरा, वैशाली और कौशांबी में भी 33 केवी लाइन फेल हो गई। इसके अलावा शालीमार गार्डन के बी-ब्लॉक में तेज आंधी के कारण बिजली का खंभा और एक पेड़ झुक गया। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में जंफर उड़ गए। इंदिरापुरम के शक्तिखंड-चार में तेज आंधी के दौरान करीब 20 फीट ऊंचा विशाल वृक्ष बीच से टूटकर गिर गया। इस कारण उपभोक्ताओं को चार घंटे की बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि बारिश और आंधी थमने के दो से तीन घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, जिससे भीषण उमस और गर्मी में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। इंदिरापुरम निवासी आकाश राणा ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे आई आंधी-बारिश के कारण इलाके की बिजली गुल हो गई। बारिश थमने के एक घंटे बाद भी आपूर्ति सामान्य नहीं होने पर उन्होंने विद्युत निगम में शिकायत की। वहां से पता चला कि 33 और 11 केवी लाइन में फॉल्ट हुआ है। शाम सात बजे तक भी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी। वहीं, शक्तिखंड-चार में एक वृक्ष पास में बने खोखे पर गिर गया। शालीमार गार्डन निवासी शोभित कुमार ने बताया कि आंधी में बिजली का जर्जर पोल झुक गया, जिससे लोगों को चार घंटे तक बिजली कटौती झेलनी पड़ी। साथ ही मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। इसके अलावा बुधवार देर रात करीब 12 बजे से सुबह चार बजे तक इंदिरापुरम के ज्ञानखंड, अभयखंड, मकनपुर गांव, कौशांबी और इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में भी बिजली गुल रही। लंबे कट के कारण कई घरों के इनवर्टर जवाब दे गए, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। वहीं, विद्युत निगम जोन-तीन के मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने कहा कि आंधी-बारिश के दौरान फॉल्ट होना सामान्य बात है। बारिश रुकने के तुरंत बाद मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया था। हालांकि फॉल्ट तलाशने और उसे ठीक करने में समय लग गया। साथ ही नोएडा सेक्टर 62 के पास खोड़ा उपकेंद्र से जुड़ा 11 केवी का पोल गिरने से इलाके में चार घंटे आपूर्ति बाधित रही।--नेहरूनगर, लालकुआं और बम्हैटा में पेड़ गिरने से तार टूटेनेहरू नगर में पेड़ गिरने से तार टूट गए। तार टूटने की वजह से इलाके में तीन घंटे बिजली गुल रही, जिससे लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। लालकुआं में भी पेड़ टूटने की वजह से बिजली के तार टूट गए, जिसकी वजह से दो घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। बम्हेटा उपकेंद्र पर भी पेड़ गिरने की वजह से तार टूट गए। पेड़ों की कटाई करके बिजली के तारों की मरम्मत की गई। इससे तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इसके अलावा संजयनगर, राजनगर, विजयनगर व नंदग्राम में भी अलग-अलग जगहों पर हुए फॉल्ट के कारण आपूर्ति बाधित रही।लिफ्ट के बाहर लगी टाइल टूटकर गिरीसिद्धार्थ विहार स्थित प्रतीक ग्रैंड सिटी सोसाइटी में लिफ्ट के गेट के बाहरी हिस्से पर लगी टाइलें टूट कर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई वहां मौजूद नहीं था। इससे पहले भी सोसाइटी में आंधी के चलते टाइलें टूटने की घटनाएं हुई हैं। इससे सोसाइटी के निवासियों में रोष है। लोगों का आरोप है कि सोसाइटी के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।यूनिपोल गिरने से लोगों में डरआंधी में मसूरी क्षेत्र में सड़क किनारे लगा कई फीट लंबा यूनिपोल मकानों पर गिर गया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ। लोगों ने अवैध यूनिपोल लगाने का आरोप लगाते हुए रोष जताया। साथ ही कहा कि इससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है। काफी देर तक यूनिपोल मकानों पर पड़ा रहा, जिससे लोगों में डर का माहौल रहा। आंधी बारिश के बाद नगर निगम की उद्यान और जलकल विभाग की टीमों ने क्षेत्रों में जाकर पेड़ों को हटाया और जलनिकासी कराई।------------आंधी के कारण कुछ इलाकों में फॉल्ट हुए थे। इन्हें जल्द से जल्द ठीक कर आपूर्ति सुचारू करा दी थी। - बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता, गाजियाबाद जोन-3।----------आयुष गंगवार

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।