Ghaziabad News: कनावनी गांव के किसानों का धरना नौवें दिन भी जारी रहा
Ghaziabad News: इंदिरापुरम कनावनी गांव के किसान उचित मुआवजे और मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि अधिग्रहण की गई जमीन का मुआवजा कनावनी के अनुसार दिया जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर सोमवार तक कोई निर्णय नहीं हुआ, तो वे आंदोलन तेज कर देंगे।

Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन, अफजल खान। इंदिरापुरम कनावनी गांव के किसानों का उचित मुआवजे और दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर धरना शनिवार को नौवें दिन भी जारी रहा। किसानों का आरोप है कि अधिकारियों के साथ कई बार वार्ता करने के बावजूद अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। प्रदर्शन में शामिल मथन सिंह नागर ने बताया कि किसानों की मांग है कि कनावनी की अधिग्रहित की जा रही जमीन का मुआवजा कनावनी के हिसाब से दिया जाए। उनका कहना है कि जमीन गांव की सीमा में स्थित है, इसलिए किसी दूसरे क्षेत्र का सर्किल रेट लागू करना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के दौरान किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। धरने में इसे तत्काल वापस लेने की मांग भी की है। किसानों का कहना है कि यदि सोमवार तक दोनों मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। धरना स्थल पर किसान और सामाजिक संगठनों के साथ पक्ष-विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। धरने में कैलाश नागर, लिखीराम शर्मा, जगदीश शर्मा समेत अन्य किसान मौजूद रहे।


