
पासपोर्ट सेवा केंद्र के विस्तार से गाजियाबाद में दबाव घटेगा
गाजियाबाद में पासपोर्ट सेवा केंद्रों का विस्तार किया जाएगा, जिससे मेरठ और नोएडा के आवेदकों को लाभ होगा। इससे इन शहरों में पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वाले लोगों की संख्या दोगुनी हो जाएगी और गाजियाबाद जाने की आवश्यकता कम होगी। इस कदम से आवेदकों को जल्द अप्वाइंटमेंट मिल सकेगा।
गाजियाबाद, प्रमुख संवाददाता। पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वाले मेरठ और नोएडा के लोगों के लिए अच्छी खबर है। दोनों शहरों में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों का विस्तार किया जाएगा। इससे इन दोनों शहरों में दोगुने आवेदन स्वीकार किए जा सकेंगे और आवेदकों को गाजियाबाद जाने की जरूरत भी कम पड़ेगी। इससे यहां दबाव घटेगा क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। गाजियाबाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से गाजियाबाद, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ समेत 13 जिलों के लिए पासपोर्ट बनाए जाते हैं। इनमें नौ जिलों में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) बने हैं। गाजियाबाद के बाद गौतमबुद्ध नगर और मेरठ के आवेदनकर्ता सबसे अधिक हैं।
आवेदकों की परेशानी को देखते हुए दोनों शहरों के पीओपीएसके का विस्तार करने का निर्णय लिया गया है। यहां काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे आवेदन करने वालों की संख्या दोगुनी हो जाएगी। इन पीओपीएसके पर अभी एक काउंटर होने के कारण रोजाना केवल 100 आवेदकों के फॉर्म ही स्वीकार किए जाते हैं। इससे इन जिलों के लोगों को गाजियाबाद आने की जरूरत नहीं होगी। वहीं, गाजियाबाद पीओपीएसके पर दबाव कम होने से आवेदकों को पहले की तुलना में अप्वाइंटमेंट मिलने में कम समय लगेगा। बीते वर्ष रिकॉर्ड 3.55 लाख पासपोर्ट जारी : क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने बताया कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद से बीते वर्ष 3 लाख 55 हजार से अधिक पासपोर्ट जारी हुए, जो बीते साल से 31,808 अधिक है। वहीं, एक साल में 11,308 पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट जारी किए गए। सबसे अधिक पासपोर्ट बनने का कारण यह भी है कि पूरे साल में 33 शनिवार को कार्यालय खोला गया। डाकघर सेवा केंद्रों पर पासपोर्ट मेले के साथ अन्य कदम भी उठाए गए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




