
युवती ने सगाई तोड़ी,युवक की बहन का अकाउंट बनाकर अश्लील सामग्री डाली
साहिबाबाद में एक युवती ने सगाई टूटने के बाद युवक की बहन को परेशान करने के लिए फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाई। उसने अश्लील बातें पोस्ट की और फोन नंबर साझा किया, जिससे लोग उसे परेशान कर रहे हैं। युवक की बहन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने फर्जी अकाउंट बंद कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ट्रांस हिंडन, संवाददाता। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में सगाई टूटने के बाद एक युवती पर वर पक्ष को परेशान करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती ने सोशल मीडिया पर युवक की बहन की फर्जी प्रोफाइल बनाकर अश्लील बातें और उसका फोन नंबर पोस्ट कर दिया। युवक की बहन के पास लोगों को फोन आ रहे हैं। पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। श्याम पार्क में रहने वाली पीड़ित युवती के अनुसार उनके भाई की दिल्ली की डीसीएम कॉलोनी में रहने वाली युवती से पहचान थी और लगभग एक साल पहले दोनों के बीच शादी भी तय हो गई थी।

किसी बात को लेकर युवती पक्ष की ओर से सगाई तोड़ दी गई और सारा सामान भी वापस कर दिया गया। इस दौरान युवती के घर वालों ने गाली गलौज भी की थी। सगाई तोड़ने के बाद युवती ने उन्हें और परिजनों को फोन करना शुरू कर दिया। युवती उन्हें और परिवार वालों को गालियां देती थी और मोबाइल पर भद्दे मैसेज भेजती थी। अब युवती ने उनके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर अश्लील बातें लिख दी। उनके फर्जी अकाउंट पर उनका मोबाइल नंबर भी डाल दिया है, जिससे लोग उन्हें फोन करके परेशान कर रहे हैं। इससे वह और उनके सभी परिजन मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर फर्जी अकाउंट बंद करवाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




