
ट्रामा सेंटर में छह दिन बाद भी मरीजों का एक्स-रे नहीं हो रहा
गाजियाबाद के संयुक्त जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में डिजिटल एक्स-रे मशीन का उद्घाटन छह दिन पहले हुआ था, लेकिन अभी तक यह चालू नहीं हो सकी है। मरीजों को जांच का लाभ नहीं मिल रहा है, जिससे गंभीर मरीजों को इमरजेंसी से रेफर किया जा रहा है। टेक्नीशियन की कमी के कारण मशीन का संचालन नहीं हो रहा है।
गाजियाबाद। संयुक्त जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में डिजिटल एक्स-रे मशीन का छह दिन पहले उद्घाटन किया गया था, लेकिन इसके बावजूद ट्रामा में मरीजों को जांच का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि इमरजेंसी में 24 घंटे एक्स-रे जांच किए जाने के दावे किए गए थे। संजयनगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में 27 नवंबर को डिजिटल एक्स-रे मशीन रूम का मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय गुप्ता ने उद्घाटन किया था। ट्रामा में शाम और रात को सड़क हादसों के घायल लोग उपचार के लिए आते रहते हैं। काफी मरीजों को हड्डी टूटने की वजह से एक्स-रे जांच की जरूरत पड़ती है।
इसको देखते हुए शासन की ओर से नई डिजिटल मशीन स्थापित कराई है। लेकिन उद्घाटन के बाद भी मशीन अभी भी चालू नहीं हो सकी है। पिछले छह दिन में किसी भी मरीज का ट्रामा सेंटर में एक्स-रे नहीं हो पाया है। रात में आने वाले सड़क हादसों के गंभीर मरीजों को इमरजेंसी से ही रेफर किया जा रहा है। सूत्रों बताते है कि अभी तक टेक्नीशियन तक ट्रामा में तैनात नहीं किए गए है और ना ही कर्मचारियों का 24 घंटे का कोई ड्यूटी रोस्टर बनाया गया है। इसकी वजह से मरीजों को जांच का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सीएमएस डॉ. संजय गुप्ता का कहना है कि एक टेक्नीशियन छुट्टी पर चल रहा है। जबकि एक की ड्यूटी दूसरे स्वास्थ्य केंद्र में चल रही है। फिलहाल एक टेक्नीशियन होने की वजह से मशीन को शुरू नहीं किया जा सका है। तीनों के लौटने पर एक्स-रे रूम के लिए रोस्टर तैयार कर जांच शुरू कराई जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




