Ghaziabad News: भूख हड़ताल कर रहे रवि गौतम को अस्पताल से छुट्टी मिली
Ghaziabad News: मेरठ के कमिश्नरी पार्क में दलित समाज के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए भूख हड़ताल करने वाले युवा शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि गौतम को संतोष अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। अस्पताल से निकलने के बाद, उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और अपने घर लौट गए।

Ghaziabad News: गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। मेरठ के कमिश्नरी पार्क में दलित समाज के उत्पीड़न का आरोप लगाकर भूख हड़ताल करने वाले युवा शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि गौतम को बुधवार को संतोष अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह नवयुग मार्केट पहुंचे और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वह छिजारसी स्थित अपने घर के लिए रवाना हो गए। मेरठ के चर्चित ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर रवि गौतम ने आंदोलन शुरू किया था। आठ जुलाई को मेरठ कलक्ट्रेट के बाहर जाम लगाने के मामले में तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय के निर्देश पर लाठीचार्ज हुआ था। पुलिस ने मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इनमें गौतमबुद्धनगर के छिजारसी निवासी रवि गौतम भी शामिल थे। जमानत पर रिहा होने के बाद उन्होंने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की घोषणा की। 20 अगस्त से रवि गौतम ने मेरठ के कमिश्नरी पार्क में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। उनकी प्रमुख मांगों में तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय का निलंबन और एससी-एसटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करना शामिल था। 24 अगस्त को रवि गौतम समेत पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मेरठ के नए एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति से मुलाकात कर अपनी मांगें रखी थीं। संगठन का दावा है कि एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए 30 अगस्त को महापंचायत बुलाई गई थी। इसमें तीन सितंबर से भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार रवि गौतम ने कमिश्नरी पार्क में भूख हड़ताल शुरू कर दी। वार्ता के बावजूद सहमति नहीं बनने पर रात करीब तीन बजे पुलिस मौके पर पहुंची और कई लोगों को हिरासत में लिया।
तबीयत बिगड़ने पर गाजियाबाद भेजा गया..
पुलिस के अनुसार, भूख हड़ताल के दौरान रवि गौतम की तबीयत बिगड़ गई थी। जिला अस्पताल मेरठ के चिकित्सकों ने स्वास्थ्य में काफी गिरावट मिलने पर उन्हें हायर सेंटर भेजने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें गाजियाबाद के संतोष अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू में रखकर उपचार शुरू किया था।
पुलिस और समर्थकों में हुई थी भिड़ंत...
परिजन और समर्थक अस्पताल पहुंचे और रवि गौतम को जबरन ले जाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच हाथापाई भी हुई। बाद में रवि गौतम को उनकी हालत को देखते हुए दोबारा आईसीयू में भर्ती कराया गया। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि बुधवार को चिकित्सकों ने रवि गौतम को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। इसके बाद वह नवयुग मार्केट पहुंचे और बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर छिजारसी स्थित अपने घर के लिए रवाना हो गए।


