हादसे में युवक की मौत के बाद चार घंटे तक जाम लगाया
पुलिस पर वाहन चालक की तलाश नहीं करने का आरोप, कार्रवाई के आश्वासन पर शांत

ट्रांस हिंडन, संवाददाता। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में भनेड़ा पुल पर बुधवार सुबह वाहन ने साइकिल सवार युवक को कुचल दिया। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर युवक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। लगभग चार घंटे तक मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा। अधिकारियों के आश्वासन पर परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने दिया। मुरादनगर के शमशेर गांव में रहने वाले 32 वर्षीय नरेंद्र हिंडन हवाई अड्डे में माली का काम करते थे। बुधवार सुबह वह साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। जब वह टीला मोड़ क्षेत्र में भनेड़ा पुल पर पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे वाहन ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए भाग निकला।
इस दौरान उनके पीछे आ रहे गांव के ही व्यक्ति ने ने नरेंद्र को पहचान कर गांव में सूचना दी। नरेंद्र के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने वाहन चालक की तलाश के प्रयास भी नहीं किए और शव को सील कर दिया। इससे नाराज ग्रामीण और परिजनों ने शव को ले जाने ही नहीं दिया। सड़क पर शव रखकर करीब चार घंटे तक प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपी चालक पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की मांग रखी। हंगामा बढ़ने पर एसीपी शालीमार गार्डन मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बात की और जल्द ही वाहन चालक को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। करीब चार घंटे तक लगा रहा जाम ग्रामीणों ने सुबह मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने वन-वे के जरिए धीरे-धीरे वाहनों को वहां से निकालना शुरू किया। हालांकि, इस दौरान वाहनों की लंबी कतार लगी रहीं और राहगीरों को भी जाम में फंसकर निकलना पड़ा। लगभग 11 बजे पुलिस के समझाने पर परिजन और ग्रामीण मुख्य मार्ग से हटे और शव को मोर्चरी ले जाने दिया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। जल्द ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सर्विलांस व थाना पुलिस की टीम आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही हैं। --अतुल कुमार सिंह, एसीपी शालीमार गार्डन
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


