झांसा देकर खाते से 32 लाख रुपये निकाले
गाजियाबाद में साइबर अपराधियों ने आरटीओ चालान नाम की एपीके फाइल भेजकर एक व्यक्ति के खाते से 32 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल हैक करने के बाद ठगों ने रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिया। पीड़ित को बैंक मैनेजर की कॉल पर ठगी का पता चला, जिसके बाद उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। साइबर अपराधियों ने आरटीओ चालान नाम की एपीके फाइल भेजकर मोदीनगर क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति के खाते से 32 लाख रुपये निकाल लिए। ठगों ने पहले मोबाइल हैक किया, फिर खाते से रकम निकालकर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दी। बैंक मैनेजर की कॉल आने पर पीड़ित को ठगी का पता चला, जिसके बाद उसने साइबर थाने में केस दर्ज कराया। कपड़ा मिल मोदीनगर की श्रीनगर कॉलोनी में रहने वाले श्रवण कुमार शर्मा ने बताया कि 10 फरवरी को उनके व्हाट्सऐप नंबर पर परिचितों के जरिए फॉरवर्ड होकर आरटीओ ई-चालान नाम की एपीके फाइल आई थी। उन्होंने अनजाने में उस फाइल को क्लिक कर लिया।
फाइल डाउनलोड होते ही उनके मोबाइल पर कुछ संदेश आए और अचानक उनका मोबाइल नंबर बंद हो गया, जो करीब तीन दिन तक बंद रहा। श्रवण कुमार शर्मा के मुताबिक 19 फरवरी को शाम करीब साढ़े चार बजे उनके पास बैंक मैनेजर का फोन आया। उन्होंने बताया कि उनके खातों से लाखों रुपये की निकासी हुई है। जानकारी मिलने पर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि उनके उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के दो अलग-अलग खातों से 17 से 19 फरवरी के बीच आईएमपीएस और यूपीआई के माध्यम से कई किस्तों में रकम ट्रांसफर की गई। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


