मुनाफे के नाम पर दो लोगों से 30 लाख ठगे
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर महिला से 5.15 लाख हड़पे निवेश के नाम पर युवक
गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। साइबर अपराधियों ने अलग-अलग बहानों से दो लोगों से 30 लाख रुपये ठग लिए। शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में रहने वाली महिला से 5.15 लाख तो बिटक्वॉइन में निवेश के नाम पर लोनी के युवक से साढ़े 24 लाख रुपये ठग लिए। दोनों पीड़ितों ने साइबर थाने में केस दर्ज कराया है। लोनी के खन्ना नगर में रहने वाले मनीष कुमार सिंह का कहना है कि 31 अक्तूबर को वैष्णवी रेड्डी के नाम से उनके पास टेलीग्राम संदेश आया। इसके बाद बातचीत व्हाट्सऐप पर होने लगी। महिला ने बिटक्वॉइन ट्रेडिंग सिखाने के नाम पर उन्हें एक वेबसाइट पर पंजीकृत कराया और विभिन्न बैंक खातों में रकम भेजने को कहा।
पहले उसकी पत्नी संध्या सिंह के खाते से 50 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक कई खातों में भेजे गए। बाद में उनके खाते से भी छह-छह लाख, 4.57 लाख और ढाई लाख रुपये मोहम्मद अमीर, चोकसी ट्रेडिंग कंपनी, श्री लक्ष्मी मेडिकल एंड जनरल स्टोर आदि नामों वाले खातों में ट्रांसफर कराए गए। मुनाफा निकालने के नाम पर अलग-अलग बहानों से रकम मांगी गई, जिसे वापस नहीं किया गया। पीड़ित के मुताबिक जालसाजों ने उनसे कुल 24.57 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। ठगी के संबंध में पीड़ित ने 31 दिसंबर को साइबर थाने में केस दर्ज कराया। दूसरे मामले में क्रॉसिंग रिपब्लिक की प्रिव्यू लबोनी सोसाइटी में रहने वाली प्रांशु सिंह का कहना है कि सात नवंबर को उनके पास नविषा सनयम नाम की महिला ने फोन किया। बिटक्वाइन में निवेश करने पर 300 प्रतिशत तक मुनाफे का भरोसा दिया। शुरुआत में 50 हजार रुपये जमा कराने के बाद जालसाजों ने उन्हें ऑनलाइन दस फीसदी मुनाफा दिखाया, जिससे उनका विश्वास बढ़ा। धीरे-धीरे करके उनसे 5.15 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि ऐप में दिखाया गया बैलेंस अचानक नकारात्मक कर दिया गया और रकम लौटाने के बदले में टैक्स के नाम पर 20 फीसदी रकम की मांग की गई। अंत में जालसाजों ने 21 नवंबर को रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन इसी दौरान उनका ऐप अकाउंट डिलीट कर दिया गया और आरोपियों ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया। थक-हारकर पीड़िता ने 31 दिसंबर को साइबर थाने में केस दर्ज कराया। डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह का कहना है कि दोनों मामलों में जालसाजों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




