
ऐप डाउनलोड कराकर महिला के खाते से रकम निकाली
इंदिरापुरम की मोनिका अग्रवाल को एक साइबर ठग ने खुद को आईजीएल का कर्मचारी बताकर 9.93 लाख रुपये की ठगी की। ठग ने दो ऐप डाउनलोड कराए और उसके मोबाइल को हैक कर नेट बैंकिंग से पैसे निकाल लिए। महिला ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंदिरापुरम में रहने वाली महिला को झांसा दिया शिकायत पर मामले की जांच कर रही पुलिस गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। इंदिरापुरम स्थित ऑरेंज काउंटी सोसाइटी में रहने वाली एक महिला से 9.93 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने खुद को आईजीएल कंपनी का कर्मचारी बताकर महिला से दो ऐप डाउनलोड कराए और फिर मोबाइल हैक कर खाते से रकम निकाल ली। पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ऑरेंज काउंटी सोसाइटी निवासी मोनिका अग्रवाल ने बताया कि 27 नवंबर को उनके पास एक व्हाट्सऐप कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) का कर्मचारी बताया।

झांसे में लेकर फोन करने वाले व्यक्ति ने आईजीएल गैस बिल अपडेट और टाटा पावर बिल अपडेट नाम की दो एपीके फाइल मोनिका से डाउनलोड कराया। फिर उनसे एपीके फाइल खोलने को कहा। इसके बाद स्क्रीन और एप्लिकेशन के लिए सभी अनुमति देने के लिए सेटिंग्स एप्स में जाने को कहा। अनुमति देते ही जालसाज ने एपीके के माध्यम से मोनिका की डिवाइस हैक कर ली। फिर नेट बैंकिंग एप्लिकेशन से उसी दिन सुबह में करीब साढ़े दस बजे 4,95,000 रुपये निकाल लिए। कुछ देर बाद ही दोबारा खाते से 4,98,000 रुपये और निकाले गए। बैंक से मैसेज आने के बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ। एडीसीपी पीयूष सिंह का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जिन खातों में रकम गई है, उनका भी पता लगाया जा रहा है,ताकि ट्रांसफर हुई रकम फ्रीज कराई जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




