मुनाफे का झांसा देकर दो लोगों से 35 लाख ठगे
शुरू में विश्वास जीतकर जालसाजों ने फंसाया मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही

गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर दो लोगों से 35 लाख रुपये ठग लिए। दोनों ही मामलों में ठगों ने व्हाट्सऐप ग्रुप, फर्जी ट्रेडिंग ऐप और वेब पोर्टल के जरिए विश्वास जीतकर रकम ऐंठी। ठगी के संबंध में पीड़ितों ने साइबर थाने में शिकायत दी। अभय खंड-चार इंदिरापुरम के ग्रीन अनुकंपा अपार्टमेंट में रहने वाले सुरेंद्र राणा ने पुलिस को बताया कि वह एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़े थे, जिसे प्रेम प्रकाश वर्मा नाम का व्यक्ति संचालित कर रहा था। ग्रुप में शेयर बाजार से मुनाफा कमाने के दावे किए जाते थे और निवेश से जुड़ी जानकारी दी जाती थी।
इस दौरान खुद को सर्विस मैनेजर बताने वाली ऐनली नाम की महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करने को कहा। उन्होंने दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग तिथियों में 17.50 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने एक आईपीओ में अतिरिक्त शेयर आवंटित होने का दावा करते हुए 16 लाख रुपये और जमा कराने का दबाव बनाया। जब उन्होंने असमर्थता जताई तो आरोपियों ने उनके रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। कॉल करने पर मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद उन्होंने साइबर थाने में केस दर्ज कराया। साइबर ठगी की दूसरी घटना क्रॉसिंग रिपब्लिक की जीएच-7 सोसाइटी में रहने वाले बाबू खान के साथ हुई। बाबू खान के अनुसार सितंबर 2025 में भावना शर्मा नाम की महिला ने व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया और खुद को ट्रेडिंग से मुनाफा कमाने वाली निवेशक बताया। इसके बाद उनसे कुल 17.16 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। पोर्टल पर करीब 42 लाख रुपये का लाभ दिखाया गया, लेकिन जब रकम निकालने की मांग की गई तो टैक्स के नाम पर 30 प्रतिशत राशि जमा कराने की शर्त रखी गई। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह का कहना है कि दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




