गैस कनेक्शन अपडेट करने का झांसा देकर उड़ाए 3.93 लाख
- साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर दिया वारदात को अंजाम ट्रांस हिंडन,

इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एक फिर से आईजीएल गैस कंपनी के बिल अपडेट के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर शातिर ने वैशाली की प्लेटिनम हाइट्स सोसाइटी में रहने वाले निजी कंपनी कर्मी का मोबाइल हैक करके दो बैंक खातों से 3.93 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने अपने सभी बैंक खाते और सिम बंद करवाने के साथ थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।वैशाली प्लैटिनम हाइट्स सोसायटी निवासी राकेश वर्मा ने बताया कि 12 फरवरी को उनके फोन पर एक मैसेज आया। मैसेज में आईजीएल गैस बिल को अपडेट करने की बात लिखी गई थी।
बिल अपडेट न किए जाने पर कनेक्शन काटने की धमकी दी गई थी। उन्होंने उस नंबर पर फोन किया तो उन्हें एक फार्म भेजा गया, जिसे भरने के लिए कहा गया था। उसमें नाम, नंबर, कनेक्शन संख्या और आईडी पासवर्ड भरने के लिए कहा गया था। उन्होंने फार्म भरना शुरू किया और बैंक खाते का आईडी पासवर्ड भी भर दिया। तभी उन्हें महसूस हुआ कि उनका मोबाइल हैक हो गया है। इस पर उन्होंने तुरंत अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। आरोप है कि शातिर ने उनका मोबाइल हैक कर उनके एक खाते से 3.88 लाख रुपये और दूसरे से पांच हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। धोखाधड़ी का पता लगने पर उन्होंने बैंक अकांउट, डेबिट कार्ड, फोन नंबर ब्लॉक करा दिए। उन्होंने ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि साइबर सेल की मदद से ठगों की तलाश की जा रही है। जल्द ठगों को गिरफ्तार किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


