मुनाफे का झांसा देकर 85 लाख रुपये ठगे
ठगों ने मुरादनगर में रहने वाले व्यक्ति को फंसाया शिकायत पर मामले की जांच में

गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर मुरादनगर निवासी एक युवक से 85 लाख 38 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मुरादनगर स्थित न्यू डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले शैलेंद्र प्रताप सिंह ने साइबर थाने में शिकायत की है कि वह वर्तमान में बेरोजगार हैं और बेहतर आय के लिए शेयर बाजार में निवेश के विकल्प तलाश रहे थे। आठ नवंबर 2025 को उन्होंने एक यूट्यूब चैनल पर ऑनलाइन ट्रेडिंग से संबंधित विज्ञापन देखा। इसमें कम समय में अधिक मुनाफे का दावा किया गया था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक लिंक के माध्यम से व्हाट्सऐप चैट पर जोड़ा गया।
इसके बाद अमोल रमाकांत सुरवाडे नाम के व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। कुछ समय बाद खुद को उसका सीनियर बताने वाले आशीष शर्मा ने भी बातचीत शुरू की। आरोपियों ने अपने मोबाइल नंबर साझा किए और खुद को पेशेवर ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताया। पीड़ित का कहना है कि ठगों ने उनसे एक ऐप डाउनलोड कराकर निवेश शुरू कराया। आरोपियों ने दावा किया था कि निवेश पर 500 प्रतिशत तक मुनाफा होगा और बदले में वे केवल पांच प्रतिशत कमीशन लेंगे। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में लगातार रकम ट्रांसफर कराई गई। उन्होंने दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच कई बार में कुल 85 लाख 38 हजार रुपये ट्रांसफर किए। जब उन्हें शक हुआ तो उन्होंने आरबीके ग्रिवेंस सेल को ईमेल किया। वहां से जवाब मिला कि कंपनी की कोई ऑनलाइन ट्रेडिंग सेवा नहीं है और संबंधित लोगों के खिलाफ उन्होंने भी साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद उन्हें अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ और साइबर थाने में शिकायत दी। एडीसीपी क्राइम पीयूषसिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


