
मुनाफे का झांसा देकर साढ़े 30 लाख ठगे
संक्षेप: गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी निवासी बाल किशन शर्मा ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 30.57 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज कराया है। जालसाजों ने उन्हें एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर झांसे में लिया और पैसे ट्रांसफर करवा लिए। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
खोड़ा कॉलोनी निवासी व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही पुलिस गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर खोड़ा कॉलोनी में रहने वाले व्यक्ति से साढ़े 30 लाख रुपये ठग लिए। जालसाजों ने ऑनलाइन मुनाफा दर्शाकर पीड़ित को जाल में फंसाया और मोटी रकम ट्रांसफर करा ली। पीड़ित ने साइबर थाने में केस दर्ज कराया है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। खोड़ा कॉलोनी के भारत नगर में रहने वाले बाल किशन शर्मा ने साइबर थाने में दी शिकायत में कहा कि एक अज्ञात नंबर के जरिये उन्हें इंडिया प्रो ट्रेडर्स-56 नामक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया।

इसके बाद डॉ. जितेंद्र बहादुर नाम के व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और बताया कि वह अल्फा अलायंस नामक कंपनी में कार्यरत है, जो एक ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से रोजाना दस से बीस फीसदी सर्किट स्टॉक में निवेश कर 15 से 20 फीसदी मुनाफा कमाती है। बाल किशन शर्मा के मुताबिक आकर्षक लाभ के झांसे में आकर उन्होंने गूगल प्ले स्टोर ऐप को डाउनलोड किया और डॉ. जितेंद्र बहादुर और उसके सहयोगियों के निर्देश पर कई खातों में पैसे ट्रांसफर किए। पीड़ित के अनुसार बीते 21 अगस्त से 17 सितंबर के बीच उन्होंने विभिन्न बैंक खातों में कुल 30 लाख 57 हजार रुपये जमा किए। रकम ट्रांसफर करने के बाद जब उन्होंने अपने निवेश का मुनाफा निकालने की कोशिश की तो ऐप और संबंधित व्हाट्सऐप ग्रुप अचानक बंद हो गए। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ और साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह का कहना है कि आठ नवंबर को केस दर्ज कर लिया गया गया है। बैंक खाते और मोबाइल नंबरों के आधार पर जालसाजों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




