
मोबाइल हैक कर खाते से एक लाख निकाले
साइबर अपराधियों ने साहिबाबाद के कारोबारी का मोबाइल हैक कर बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। जालसाजों ने बिना ओटीपी और पिन के दो बार में रुपये स्थानांतरित किए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कारोबारी ने साइबर हेल्पलाइन और थाने में शिकायत दर्ज कराई।
ट्रांस हिंडन। साइबर अपराधियों ने साहिबाबाद थाना क्षेत्र के करहैड़ा में रहने वाले कारोबारी का मोबाइल हैक कर बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अखिलेश कुमार मिश्रा के अनुसार वह हरदेव इंटरप्राइजेज कंपनी चलाते हैं। इसका चालू खाता बैंक ऑफ इंडिया की शालीमार गार्डन शाखा में है। चार जनवरी को जालसाजों ने उनका मोबाइल हैक कर लिया। यह नंबर उनकी कंपनी के करंट खाते से जुड़ा हुआ था। उनके खाते से बिना किसी ओटीपी और पिन नंबर के जालसाजों ने रुपये का स्थानांतरण करना शुरू कर दिया।
जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक दो बार में लगभग एक लाख रुपये निकाल लिए थे। सुबह साढ़े नौ बजे करीब 50 हजार और इसके तीन मिनट बाद ही लगभग 50 हजार रुपये निकल गए। रुपये निकलने का मैसेज आने पर उन्हें इसका पता चला। साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ में थाने पर भी शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




