
घर बैठे कमाई का झांसा देकर सवा चार लाख ठगे
गाजियाबाद में साइबर अपराधियों ने संदीप वत्स से घर बैठे कमाई का झांसा देकर 4.25 लाख रुपये ठग लिए। शुरू में उन्हें ऑनलाइन टास्क कराकर कमीशन दिया गया, लेकिन बाद में निवेश के नाम पर पैसे ट्रांसफर कराए गए। जब संदीप ने रकम मांगी, तो जालसाजों ने संपर्क तोड़ दिया। मामले की जांच जारी है।
साइबर अपराधियों ने शुरुआत में मुनाफे की रकम दी इसके बाद मोटी रकम ऐंठकर संपर्क तोड़ लिया गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। साइबर अपराधियों ने घर बैठे कमाई का झांसा देकर राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाले युवक से सवा चार लाख रुपये ठग लिए। जालसाजों ने शुरूआत में ऑनलाइन कार्य कराकर कमीशन दिया और फिर निवेश के नाम पर रकम ट्रांसफर करा ली। पीड़ित की शिकायत पर नंदग्राम साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाले संदीप वत्स ने नंदग्राम थाने में दी शिकायत में बताया कि 27 दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया।
इसमें घर बैठे कमाई का ऑफर दिया गया और साथ ही उसमें एक टेलीग्राम लिंक भी था। लिंक के माध्यम से उनकी बात दिव्या नाम की महिला से हुई। उसने उन्हें एक अन्य टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा, जहां उन्हें ऑनलाइन कार्य के टास्क दिए जाने लगे। टास्क पूरे करने पर उन्हें कमीशन दिया गया, जिससे उन्हें भरोसा हो गया। संदीप वत्स के मुताबिक इसके बाद दिव्या ने उन्हें एक वेबसाइट पर अकाउंट बनाने को कहा और निवेश पर मोटी कमाई का झांसा देकर रकम ट्रांसफर कराई गई। उन्होंने भरोसे में आकर अलग-अलग खातों और यूपीआई आईडी पर रकम भेजनी शुरू कर दी। इस तरह धीरे-धीरे करके उनसे सवा चार लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। उन्होंने अपनी रकम मांगी तो जालसाज कोई न कोई नियम या शर्त बताकर उन पर और रकम भेजने का दबाव डालने लगे। इनकार करने पर जालसाजों ने उनसे संपर्क तोड़ दिया। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने नंदग्राम थाने में शिकायत दी। कार्यवाहक एसीपी नंदग्राम प्रियाश्री पाल का कहना है कि नंदग्राम थाने की साइबर सेल द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




