
चार लोगों से साढ़े दस लाख ठगे
गाजियाबाद में साइबर अपराधियों ने चार लोगों से साढ़े दस लाख रुपये ठग लिए। किशन स्वरूप सैनी ने बताया कि एक महिला ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग का लालच देकर पैसे ट्रांसफर करवाए। अन्य मामलों में भी जालसाजों ने लोगों के बैंक खातों से पैसे निकाल लिए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। साइबर अपराधियों ने चार लोगों से साढ़े दस लाख रुपये ठग लिए। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। राजनगर एक्सटेंशन की गुलमोहर गार्डन सोसाइटी में रहने वाले किशन स्वरूप सैनी ने बताया कि सितंबर 2025 में उनके व्हाट्सऐप नंबर पर अहाना गिल नाम की महिला का संदेश आया। उसने खुद को सेबी प्रमाणित ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा स्टॉक मार्केट ब्रोकर बताया और शेयर ट्रेडिंग व आईपीओ में निवेश का लालच देते हुए मुनाफे पर 20 प्रतिशत कमीशन का झांसा दिया। झांसे में आकर उन्होंने अपने और पत्नी के खातों से कुल 9.31 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
फर्जीवाड़े के संबंध में पीड़ित ने 13 जनवरी को साइबर थाने में केस दर्ज कराया। दूसरे मामले में कविनगर सी-ब्लॉक में रहने वाले कुणाल नागर का कहना है कि जालसाजों ने उनके कोटक महिंद्रा बैंक खाते से सात नवंबर 2025 को दो किस्तों में 40-40 हजार रुपये निकाल लिए। तीसरे मामले में गोविंदपुरम के कृष्णा एनक्लेव निवासी सुंदर लाल का कहना है कि 16 नवंबर 2025 को ठग ने खुद को पेटीएम की केवाईसी अपडेट करने वाला बताकर खाते संबंधी जानकारी हासिल की और खाते से 40 हजार रुपये साफ कर दिए। सुंदरलाल ने 13 जनवरी को कविनगर थाने में केस दर्ज कराया। चौथे मामले में कविनगर क्षेत्र के आरकेपुरम निवासी अश्वनी द्विवेदी का कहना है कि 21 दिसंबर 2025 को वह साइबर अपराध का शिकार हो गए। जालसाजों ने उनके खाते से हजारों रुपये साफ कर दिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




