
सील तोड़कर फ्लैट पर दोबारा कब्जा करने का आरोप
साहिबाबाद में एक दंपति ने कंपनी के कब्जे वाले फ्लैट पर दोबारा कब्जा कर लिया। आरोप है कि ऋण न चुकाने के कारण कंपनी ने फ्लैट पर कब्जा किया था। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी दंपति ने फ्लैट पर कब्जा नहीं लेने दिया। बाद में, उन्होंने सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट कर सील तोड़ी और फ्लैट पर फिर से कब्जा कर लिया।
ट्रांस हिंडन। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में ऋण नहीं चुकाने पर कंपनी की ओर से कब्जे में लिए गए फ्लैट पर ऋण लेने वालों का दोबारा कब्जा करने का मामला सामने आया है। कंपनी की ओर से मामले में एक दंपति के समेत कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। एडलवाइस रिकंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से स्तुति द्विवेदी ने साहिबाबाद थाने में ऋषिपाल शर्मा और मिथिला देवी के खिलाफ कंपनी के कब्जे वाले फ्लैट पर सील तोड़कर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई है। आरोप है कि दोनों ने वर्ष 2021 में कंपनी से ऋण लिया था और राजेंद्र नगर स्थित एक फ्लैट को गिरवी रखा था।
दोनों ने ऋण नहीं चुकाया, जिसके चलते कंपनी ने सरफेसी एक्ट के तहत फ्लैट पर कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू की। प्रशासन के आदेश के बाद भी आरोपियों ने फ्लैट पर कब्जा नहीं लेने दिया। कंपनी ने उच्च न्यायालय की शरण ली और अदालत के आदेश के बाद फरवरी 2025 में फ्लैट पर कब्जा ले लिया। जिसके बाद फ्लैट पर सील लगाकर एक सुरक्षाकर्मी को भी नियुक्त किया गया। कंपनी ने मई 2025 में कंपनी फ्लैट की नीलामी प्रक्रिया शुरू की। जिसके बाद ऋण लेने वालों ने हंगामा कर दिया और 23 मई 2025 को कुछ लोगों के साथ मिलकर सुरक्षाकर्मी को मारपीट कर घायल करने के बाद कंपनी की सील तोड़कर फ्लैट पर कब्जा कर लिया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




