
निर्माण कंपनी में साझेदारी कर 2.11 करोड़ की धोखाधड़ी
इंदिरापुरम में नितिन शर्मा ने एक निर्माण कंपनी के साझेदार योगेश मेहरा पर 2.11 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेहरा की कंपनी ने अतिरिक्त राशि प्राप्त की और परियोजना समय पर पूरी नहीं की। शर्मा को कानूनी नोटिस भी भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रांस हिंडन, संवाददाता। इंदिरापुरम थाने में निर्माण कंपनी संचालक ने साझेदारी कर 2.11 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। अब साझेदार उन्हें धमकी भी दे रहा है। इंदिरापुरम क्षेत्र के ज्ञान खंड दो में रहने वाले नितिन शर्मा एक निर्माण कंपनी चलाते हैं। नितिन शर्मा के अनुसार दिसंबर 2023 में मेगा माउंड नाम से कंपनी चलाने वाले योगेश मेहरा से उनकी मुलाकात हुई। योगेश मेहरा ने उनके साथ काम करने की इच्छा जाहिर की और अपनी सिविल निर्माण कंपनी को सक्षम बताया। उन्होंने योगेश मेहरा के आश्वासन पर पांच करोड़ रुपये की एक परियोजना में उन्हें भागीदार बनाया और पूरी जिम्मेदारी उन्हें सौंप दी।
आरोप है कि कार्य पूरा होने से पहले जब खातों की जांच की गई तब पता चला कि योगेश मेहरा की कंपनी ने उनकी कंपनी से धोखाधड़ी कर 2.11 करोड़ रुपये अधिक प्राप्त कर लिए हैं। इसके साथ ही जीएसटी और अन्य मामलों में भी हेराफेरी का पता चला। इसके अलावा निर्धारित समय 19 दिसंबर 2023 तक परियोजना पूरी नहीं की गई और अंत में योगेश मेहरा ने परियोजना ही छोड़ दी। आरोप है कि उन्होंने योगेश मेहरा की कंपनी से जब खर्चों का हिसाब मांगा तो उनकी कंपनी को कानूनी नोटिस भेज दिया गया। नोटिस का सिलसिला चलता रहा। उन्होंने योगेश मेहरा और उनकी सहयोगी कंपनियों को भी नोटिस भेजा। नितिन शर्मा के अनुसार योगेश मेहरा की कंपनी न तो अतिरिक्त ली गई राशि वापस नहीं कर रही है और कानूनी नोटिस भेजने के साथ धमकी देकर उनके कारोबार को नुकसान भी पहुंचा रही है। इसमें उनकी सहयोगी कंपनियां भी शामिल हैं। नितिन शर्मा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




