
सद्भाव मंडप में लोग विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम कर सकेंगे
गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में अब लोगों को सामूहिक कार्यक्रमों के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं है। असालतपुर में बने सद्भाव मंडप को पंचायती राज विभाग ने ग्राम पंचायत को सौंपा है। यहां विवाह, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे, जिससे लोगों को सुविधा और समय की बचत होगी।
गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र के लोगों को सामूहिक कार्यक्रम करने के लिए अब बाहर नहीं जाना होगा। असालतपुर में बने सद्भाव मंडप को पंचायती राज विभाग ने ग्राम पंचायत को हैंडओवर किया है। अब गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोग भी विवाह, धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामुदायिक बैठकों का इसमें आयोजन कर सकेंगे। इसके शुरू होने के बाद लोगों को कार्यक्रमों के लिए कई किलोमीटर दूर अन्य कस्बों या शहरी क्षेत्र में बने निजी भवनों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम योजना के तहत वर्ष 2018 में लोनी क्षेत्र में राजकीय सद्भाव मंडप बनाने का प्रस्ताव पास हुआ था।
वर्ष 2019 में इसकी नींव रखी गई। भवन के बनने के बाद अब इसे पंचायती राज विभाग द्वारा ग्राम पंचायत को हैंडओवर किया गया है। लोनी के आसपास के गांवों में अब तक किसी बड़े सामुदायिक भवन की कमी थी। शादी या अन्य बड़े पारिवारिक आयोजनों के लिए लोगों को महंगी बुकिंग करनी पड़ती थी या फिर दूर दराज के क्षेत्र में बने भवनों में जाना पड़ता था। कई बार असुविधा और दूरी के कारण तारीखें बदलनी पड़ती थीं या बजट बढ़ जाता था। लेकिन अब सद्भाव मंडप बनने से लोगों को अपने घर के पास ही एक उचित स्थान मिलेगा जहां लोग अपने सांस्कृतिक से लेकर धार्मिक और पारिवारिक वहीं सरकारी कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। इस मंडप में विशाल सभागार कक्ष,कमरें, बिजली और पानी की व्यवस्था, मंच व लाइट की व्यवस्था जैसे प्रबंध किए गए है। धार्मिक आयोजनों जैसे हवन, कथा, सत्संग, कीर्तन आदि का आयोजन किया जा सकेगा। वहीं पर मंडप का उपयोग सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों, स्वास्थ्य शिविरों, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार कार्यक्रमों और ग्राम सभाओं के लिए भी किया जाएगा। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा सकेगी। इसके अतिरिक्त लोग अपने पारिवारिक कार्यक्रम का भी आयोजन कर सकेंगे। सद्भाव मंडप का कार्य पूर्ण होने के बाद अब इसको पंचायत को हैंडओवर किया गया है। असालतपुर व इसके आस-पास के क्षेत्र के लोग अपने पारिवारिक से लेकर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। इसी भवन में स्वास्थ्य शिविर से लेकर सरकारी कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा सकेगा। -दिग्विजय सिंह,समाज कल्याण (विकास) अधिकारी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




