Ghaziabad News: सीएम ग्रिड के काम की धीमी रफ्तार पर नगर आयुक्त ने लगाई फटकार
Ghaziabad News: इंदिरापुरम में सीएम ग्रिड फेस-2 के निर्माण कार्यों का नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान काम की रफ्तार धीमी पाई गई, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। नगर आयुक्त ने सड़कों के काम को 15 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए और निर्माण सामग्री हटाने को कहा।

Ghaziabad News: ट्रांस हिंडन, अफजल खान। इंदिरापुरम में चल रहे सीएम ग्रिड फेस-2 के निर्माण कार्यों का मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की रफ्तार बेहद धीमी पाई गई। इस पर नगर आयुक्त ने अधिकारियों और ठेकेदारों को फटकार लगाई। साथ ही, उन्होंने पूरे हो चुके कार्यों में 15 दिन के भीतर फिनिशिंग कराने और सड़कों से निर्माण सामग्री हटाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने काला पत्थर, कावेरी मार्ग, सुशीला नय्यर मार्ग, कस्तूरबा मार्ग और देवेंद्र जस मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की लेवलिंग, निर्माण सामग्री हटाने और अधूरे काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद वैशाली और कौशांबी क्षेत्र में डाबर चौक से आनंद विहार को जोड़ने वाली सड़क, हर्षवर्धन मार्ग, धर्म मार्ग, यशोदा मार्ग और महेश मार्ग का भी जायजा लिया। इस दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि अगले दो माह में सभी यूटिलिटी कार्यों के साथ मैनहोल का काम पूरा किया जाए। इसके बाद फुटपाथ का निर्माण शुरू कराया जाएगा। उन्होंने मुख्य अभियंता निर्माण विभाग नरेंद्र कुमार चौधरी को काम की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदारों को कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाने को कहा। नगर आयुक्त ने बताया कि इंदिरापुरम में करीब 10 किलोमीटर और वैशाली-कौशांबी में करीब सात किलोमीटर सड़क पर काम चल रहा है। सीएम ग्रिड फेस-2 पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद और प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज मौजूद रहे।


